गुरुग्राम के स्वास्थ्य विभाग ने खंड फर्रुखनगर की महिला सरपंचों और महिला पंचों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय फर्रुखनगर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जेपी राजलीवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा 28 फरवरी 2026 को देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नाबालिग लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाना है। 15 साल तक की लड़कियां टीकाकरण के लिए पात्र डॉ. राजलीवाल ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियां टीकाकरण के लिए पात्र हैं। उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस महिलाओं के प्रजनन तंत्र को प्रभावित करता है और यही सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है। भारत में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है, और इससे बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय है। डॉ. राजलीवाल ने यह भी बताया कि यह टीका विश्व के 160 से अधिक देशों में उपयोग किया जा रहा है और इसे पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी माना गया है। सरकारी अस्पतालों में फ्री में लगाए जा रहे टीके उन्होंने बताया कि पहले इसकी कीमत अधिक होने के कारण यह केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध था, लेकिन अब गुरुग्राम जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उपमंडलीय नागरिक अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कैपड एनजीओ के प्रतिनिधि रवि सिसोदिया ने भी सर्वाइकल कैंसर और उसके बचाव में टीकाकरण की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फर्रुखनगर की प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णा मलिक ने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्कूलों व अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी डर या भ्रम के पात्र किशोरियों को टीका लगवाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। इस अवसर पर कैपड एनजीओ की टीम, खंड शिक्षक अजय कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक धर्मवीर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
फर्रुखनगर में किशोरियों के लिए फ्री एचपीवी टीकाकरण:महिला पंचों-सरपंचों की वर्कशॉप, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किया जागरूक
