![]()
फरीदाबाद के धौज क्षेत्र में अलफलाह यूनिवर्सिटी के पास बुधवार को 6-7 महीने का एक भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी सबसे पहले स्थानीय लोगों को उस समय हुई, जब उन्होंने सरकारी पोस्ट ऑफिस के पास लाल रंग के कपड़े में कुछ लिपटा हुआ देखा। लोगों ने पास जाकर देखा तो उसमें एक भ्रूण था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। थाना धौज क्षेत्र के अंतर्गत डायल-112 ईआरवी में तैनात एएसआई गजराज ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि अलफलाह यूनिवर्सिटी के पास स्थित सरकारी पोस्ट ऑफिस के निकट लाल रंग के कपड़े में 6-7 महीने का एक मृत भ्रूण पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा मेडिकल कॉलेज पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम और अन्य चिकित्सीय जांच के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इसके साथ ही आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन फिलहाल किसी को यह जानकारी नहीं है कि भ्रूण वहां कौन छोड़कर गया। पुलिस आसपास के क्षेत्र की भी जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। एएसआई गजराज ने बताया कि इस घटना की सूचना संबंधित थाना धौज पुलिस को भी दे दी गई है। अब स्थानीय थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भ्रूण को वहां किसने फेंका और इसके पीछे क्या कारण था। जरूरत पड़ने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि मामले से जुड़े लोगों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
Source link







