फरीदाबाद एनआईटी क्षेत्र में देर रात एक शराब कारोबारी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डबुआ चौक स्थित शराब के ठेके को बंद कर घर लौट रहे कारोबारी को स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने धक्का देकर कारोबारी को बाइक समेत सड़क पर गिरा दिया और 1 लाख 53 हजार रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 2E/19 एनआईटी निवासी चरण सिंह, डबुआ चौक पर किंग लिडुआर नाम से शराब का ठेका संचालित करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 16 जुलाई की रात करीब 12:08 बजे वह ठेका बंद कर दिनभर की बिक्री के 1.53 लाख रुपए एक बैग में रखकर मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। स्कूटी सवार तीन युवकों ने रोका रास्ता जब वह एनआईटी-2 के ई-ब्लॉक के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने सीधे उनके हाथ में पकड़े बैग को छीनने का प्रयास किया। चरन सिंह ने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने उन्हें जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और इसी दौरान आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने टाउन नंबर-2 पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अजय कुमार ने बताया कि वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी।
Source link
