फ़रीदाबाद के गौछी गांव में खुलेआम कबाड़ जलाकर वायु प्रदूषण फैलाने का मामला सामने आया है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर थाना मुजेसर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बल्लभगढ़ रीजन कार्यालय को गौछी गांव में अवैध रूप से कबाड़ जलाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि गांव में खुले में वेस्ट स्क्रैप और कबाड़ को आग लगाई जा रही है, जिससे आसपास के इलाके में भारी धुआं फैल रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुले स्थान पर जताया जा रहा था कबाड़ शिकायत मिलने के बाद बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता पुनीत पाठक ने 21 मई को सुबह करीब 10:19 बजे अपनी टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि गौछी गांव स्थित एक स्थान पर खुलेआम कबाड़ जलाया जा रहा था। जलते हुए स्क्रैप से निकलने वाले धुएं के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा था। जांच के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने भरतलाल, चरण सिंह और जीत राम निवासी गौछी गांव को कथित रूप से कबाड़ जलाते हुए पाया। टीम ने मौके की तस्वीरें भी लीं और पूरे मामले की निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि संबंधित लोग अवैध रूप से वेस्ट स्क्रैप को आग लगाकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे थे, जो पर्यावरण संरक्षण नियमों का उल्लंघन है। थाना मुजेसर पुलिस ने दर्ज किया केस इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से थाना मुजेसर पुलिस को शिकायत भेजकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया गया। मामले की जांच के लिए संजय कॉलोनी पुलिस चौकी में तैनात एएसआई बेदराम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा शिकायत और निरीक्षण रिपोर्ट की जांच करने के बाद प्रथम दृष्टया मामला सही पाया गया। इसके बाद थाना मुजेसर में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
Source link
फरीदाबाद में प्रदूषण फैलाने वाले तीन लोगों पर FIR:खुले में स्क्रैप जलाया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर हुई कार्रवाई
