Related Posts

फरीदाबाद में गिरी दीवार, बच्ची की मौत:महिला समेत 5 घायल, बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट में एक तरफ किया जा रहा था बालू




फरीदाबाद में पर्वतीय पुलिस चौकी क्षेत्र की पर्वतीय कॉलोनी स्थित गंगा एन्क्लेव पार्ट-2 में शनिवार शाम एक हादसा हो गया। बिल्डिंग मटेरियल के एक प्लॉट की दीवार गिरने से एक बारह साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक महिला और चार बच्ची घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना में एक बच्ची की मौत की सूचना है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट में चल रहा था काम स्थानीय निवासी ओम दत्त शर्मा ने बताया कि हादसा शाम करीब 5:45 बजे हुआ। उनके अनुसार रोहतास नाम के व्यक्ति के बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट में जेसीबी की मदद से बालू को एक तरफ किया जा रहा था। इसी दौरान बालू का भारी दबाव प्लॉट की दीवार पर पड़ गया। दबाव इतना अधिक था कि करीब 15 फुट लंबी दीवार अचानक गली की ओर गिर गई। दीवार के साथ बड़ी मात्रा में बालू भी बाहर आ गया, जिससे गली से गुजर रही एक महिला और चार बच्चियां उसके नीचे दब गईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने बिना किसी देरी के अपने स्तर पर मलबा हटाना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देखें फोटो… चार बच्चियां दीवार के मलबे में दबी बताया जा रहा है कि 12 साल की बच्ची दिव्या की मौत हो गई। वहीं अंशिका तिवारी (12 वर्ष), शीतल, खुशी और सृष्टि घायल हो गईं। खुशी के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला को भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने इस पूरे हादसे के लिए बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट के मालिक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि प्लॉट की दीवार कच्ची और कमजोर थी। कई बार आसपास रहने वाले लोगों ने प्लॉट मालिक को चेतावनी दी थी कि दीवार कभी भी गिर सकती है, लेकिन उसने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का आरोप है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए बिना जेसीबी से काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि हादसे के समय बच्चे गली में खेल नहीं रहे थे, बल्कि महिला के साथ कहीं जा रहे थे। तभी अचानक दीवार और बालू उनके ऊपर आ गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही पर्वतीय पुलिस चौकी और मुजेसर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गली में गिरे मलबे और बालू को हटवाया। इसके बाद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक बच्ची की मौत की हुई है, जबकि अन्य घायल हैं और उनका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में यदि किसी भी व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें