Related Posts

फरीदाबाद में एग्रीमेंट कर ईको गाड़ी हड़पी:नहीं जमा कराई EMI, बिना इंश्योरेंस सड़कों पर दौड़ रही, जान से मारने की धमकी




फरीदाबाद में एग्रीमेंट के तहत चलाने के लिए दी गई ईको गाड़ी की न तो तय किस्तें जमा की जा रही हैं और न ही उसका इंश्योरेंस कराया गया है। आरोप है कि बिना इंश्योरेंस के ही ईको गाड़ी लगातार सड़कों पर चलाई जा रही है। ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने ईको गाड़ी लेने वाले युवक पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शेखवाड़ा स्थित पुरानी सब्जी मंडी निवासी भान सिंह ने ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मारुति सुजुकी ईको गाड़ी के पंजीकृत मालिक हैं। उनके अनुसार 7 अप्रैल 2022 को राजा गार्डन, ओल्ड फरीदाबाद निवासी गुलशन शर्मा के साथ ईको गाड़ी के संचालन को लेकर एग्रीमेंट के आधार पर देने का लिखित समझौता हुआ था। समझौते के अनुसार खरीदार को शेष राशि 10,523 रुपए की मासिक ईएमआई के रूप में जमा करनी थी। आरोपी ने गाड़ी की ईएमआई देना किया बंद शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शुरुआत में कुछ समय तक किस्तों का भुगतान किया गया, लेकिन सितंबर 2025 से आरोपी ने ईएमआई देना पूरी तरह बंद कर दिया। भान सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार बकाया राशि की मांग की, लेकिन हर बार उन्हें अलग-अलग बहाने बनाकर टाल दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी की शुरुआत से ही पूरी रकम चुकाने की मंशा नहीं थी। उसने एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए ईको गाड़ी अपने कब्जे में रखी हुई है और लगातार उसका इस्तेमाल कर रहा है। शिकायत के अनुसार ईको गाड़ी का इंश्योरेंस भी समाप्त हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद बिना बीमा के उसे सड़कों पर चलाया जा रहा है, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता है। अभद्र भाषा का प्रयोग, जान से मारने की धमकी भान सिंह ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को उन्होंने फोन पर बकाया किस्तों की मांग की और ईको गाड़ी वापस करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने कहा कि यदि दोबारा पैसे मांगे या गाड़ी वापस लेने की कोशिश की गई तो वह उन्हें जान से मार देगा। इस घटना के बाद पीड़ित और उनका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज करने, ईको गाड़ी बरामद कराने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि वाहन मालिक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता फिलहाल फरीदाबाद में नहीं है और उसने बाहर से ऑनलाइन शिकायत भेजी है। उसे बुलाकर विस्तृत जानकारी ली जाएगी। पुलिस ऑनलाइन शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें