फरीदाबाद की भारत कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय ऑटो चालक मुकुल मिश्रा के लापता होने के सात दिन बाद उसका ऑटो आगरा नहर में गांव मवई के पास कठपुला पुल के निकट बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने ऑटो समेत नहर में छलांग लगा दी। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम नहर में उसकी तलाश में सर्च अभियान चला रही है। घर में कहासुनी के बाद निकला था मुकुल मुकुल मिश्रा अपने परिवार के साथ भारत कॉलोनी में रहता था और ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पिता राजेश मिश्रा ने बताया कि 24 जुलाई को घर में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मुकुल सुबह रोज की तरह ऑटो लेकर काम पर निकल गया। पूरे दिन उसने ऑटो चलाया, लेकिन शाम के समय उसने अपनी मां को फोन कर कहा कि उसका घर लौटने का मन नहीं है। मां ने उसे समझाकर घर आने के लिए कहा। रात तीन बजे मां को किया था आखिरी फोन परिजनों के अनुसार, उसी रात करीब तीन बजे मुकुल का दोबारा फोन आया। उसने अपनी मां से कहा कि वह ऑटो के साथ आगरा नहर में कूदने जा रहा है। इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। घबराए परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। लोकेशन से मिला अहम सुराग थाना भूपानी पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर मुकुल की तलाश शुरू की। मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने पर उसकी आखिरी लोकेशन गांव मवई के पास कठपुला पुल के निकट मिली। इसके बाद पुलिस ने नहर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। ऑटो बरामद, एसडीआरएफ की तलाश जारी एसडीआरएफ की टीम ने मुकुल का ऑटो नहर से बरामद कर लिया गया, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार नहर में तलाश अभियान चला रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि युवक की तलाश जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Source link
