फतेहबाद के टोहाना के भुना रोड स्थित ‘महात्मा बुद्ध इंटरनेशनल स्कूल’ में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल की अकाउंटेंट पर करीब 7 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप लगा है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। स्कूल के मैनेजर बलवान सिंह चौहान ने शहर पुलिस को इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में अकाउंट का कार्य देख रही श्वेता नारंग ने स्कूल फीस और अन्य मदों में प्राप्त राशि में भारी गड़बड़ी की है। मैनेजर के अनुसार, यह हेराफेरी काफी समय से चल रही थी, जिसका खुलासा स्कूल के रिकॉर्ड और खातों की आंतरिक जांच के दौरान हुआ। दो दिन के पुलिस रिमांड पर रही आरोपी शिकायत के आधार पर शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्वेता नारंग के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता और साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से महिला को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। नहीं हुई रिकवरी, अब हिसार जेल में कटेगी रातें रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से गहनता से पूछताछ की, ताकि गबन की गई राशि का पता लगाया जा सके। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान कथित हेराफेरी की कोई भी राशि बरामद नहीं की जा सकी है। शुक्रवार को रिमांड खत्म होने पर आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए। जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है कि गबन की गई इतनी बड़ी राशि कहाँ खर्च की गई या छिपाई गई है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या इस वित्तीय अनियमितता में स्कूल के किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
Source link
फतेहाबाद में स्कूल अकाउंटेंट पर गबन का केस:फीस और अन्य मदों में सात लाख रुपए की हेराफेरी, महिला आरोपी को हिसार जेल भेजा
