पानीपत जिले में पशु ऐप के जरिए भैंस बेचने का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के एक युवक को बुलाने, उसे बंधक बनाकर मारपीट करने और युवती के साथ जबरन अश्लील वीडियो बनाकर जबरन वसूली करने वाले एक शातिर हनीट्रैप गिरोह का पुलिस ने पूरी तरह भंडाफोड़ कर दिया है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने इस वारदात में शामिल गिरोह की दो मुख्य महिला आरोपियों को शुक्रवार को इसराना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार की गईं दोनों महिला आरोपी आपस में मां-बेटी हैं। गिरफ्तार आरोपी मां-बेटी, पहले तीन साथी जा चुके हैं जेल थाना मॉडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर जगमिंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार महिला आरोपियों की पहचान सीमा निवासी हरिनगर, हाल खुशीराम कॉलोनी, इसराना और उसकी बेटी रूबी निवासी रोहतक के रूप में हुई है। गहन पूछताछ के दौरान मां-बेटी ने कबूल किया कि उन्होंने इस मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने तीन साथियों अशोक व मनोज निवासी जलमाना और अमित निवासी गन्नौर, सोनीपत के साथ मिलकर यूपी के युवक से लूट और जबरन वसूली की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से छीने गए दो मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और जबरन वसूली गई नकदी में से बचे 4,000 रुपए बरामद कर लिए हैं। शुक्रवार को पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि इनके तीन पुरुष साथियों को पुलिस पहले ही डंडा और 8,420 रुपए की नकदी सहित जेल भेज चुकी है। पशु ऐप पर भैंस खरीदने के बहाने बुना था जाल यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब यूपी के बागपत जिले के गांव जीवाना गुलियाना निवासी सचिन सोलंकी ने पुलिस को शिकायत दी थी। सचिन ने बताया था कि उसने 17 अप्रैल को मोबाइल में पशु ऐप पर एक भैंस बिकाऊ देखी थी। ऐप पर दिए गए नंबर पर बात करने पर आरोपी अशोक ने उसे झांसा दिया कि मकान बनाने के लिए पैसों की जरूरत होने के कारण वह अपनी भैंस केवल 70 हजार रुपए नकद में बेच रहा है। सौदा तय होने पर अशोक ने सचिन को 18 अप्रैल को पैसे लेकर पानीपत बुलाया। कमरे में बंधक बनाया, युवती संग जबरन वीडियो बनाकर लूटे ₹67,000 और जेवरात सचिन जब तय समय पर पानीपत पहुंचा, तो अशोक उसे बाइक पर बैठाकर आरके पुरम कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया। वहां उसे एक कमरे में बैठाकर आराम करने को कहा गया। कुछ ही देर बाद कमरे में तीन अज्ञात व्यक्ति और महिलाएं दाखिल हुईं और सचिन पर जबरन युवती से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और एक रूबी को जबरन सचिन के पास बैठा दिया। इसके बाद बदमाशों ने सचिन की कनपटी पर चाकू और अवैध तमंचा अड़ा दिया। उसकी टी-शर्ट उतरवाकर युवती के साथ फोन में अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली। बदनामी का डर दिखाकर आरोपियों ने सचिन के बैग में रखे 60,000 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन छीन लिए और मारपीट कर उसके फोन-पे का पिन पूछकर खाते से 6,700 रुपए भी ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। जाते-जाते आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वे पहले भी कई लोगों को इसी तरह शिकार बना चुके हैं।
Source link
पानीपत में हनीट्रैप गिरोह की मां-बेटी गिरफ्तार:भैंस बेचने के बहाने युवक को बंधक बना की थी वसूली, चाकू, मोबाइल और नकदी बरामद
