हिसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिसार पुलिस की स्वाट टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 जून को स्वाट टीम ने गांव चिकनवास में चेकिंग एवं रेड अभियान के दौरान राजेंद्र के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को 9 बोतल रॉयल स्टैग, 10 बोतल ऑल सीज़न्स, 5 बॉक्स देसी शराब, 3 बोतल माल्टा मार्का तथा 2 बोतल देसी शराब सहित कुल करीब 84 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब को कब्जे में ले लिया। महिला भी करती थी अवैध शराब की बिक्री इसी अभियान के दौरान टीम ने गांव ठसका में अंगूरी नामक महिला के घर पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 21 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना अग्रोहा में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब का यह नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है। हिसार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उकलाना के दो गांवों में स्वाट टीम की छापेमारी:अंग्रेजी और देसी शराब बरामद, घर में छिपाकर रखी, महिला समेत दो अरेस्ट
