![]()
पानीपत जिला मुख्यालय के पॉश इलाके सेक्टर 13-17 में नाका पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी (गार्ड) द्वारा एक वकील के साथ सरेराह बदसलूकी करने, कागजात छीनने का प्रयास करने और दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी नाका गार्ड के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की शिकायत ट्रैफिक DSP सुरेश सैनी के सरकरी व्हाट्सएप नंबर पर भेज दी है। इसके अलावा एसपी को मेल द्वारा सूचित किया गया है। कागजात दिखाने के बहाने रोका रास्ता पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना 17 जून की दोपहर लगभग 12:45 बजे की है। शिकायतकर्ता वकील अपने एक अन्य साथी एडवोकेट के साथ सेक्टर 13-17 स्थित पुलिस चौकी के पास से गुजर रहे थे। उसी समय वहां नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। पीड़ित ने बताया कि गाड़ी रोकने के बाद सुरक्षाकर्मी ने बेहद कड़े और अशिष्ट लहजे में उनसे गाड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा। इस पर जब वकील ने सहजता से कहा कि कोई बात नहीं, आप बताइए क्या बात है और कागजात देखने के लिए आगे बढ़ाए, तो आरोपी गार्ड अचानक भड़क गया और जोर-जबरदस्ती पर उतारू हो गया। वकील होने की बात पर और भड़का आरोपी आरोप है कि सुरक्षाकर्मी बिना किसी ठोस वजह के गाड़ी को इम्पाउंड करने की धमकी देने लगा। जब पीड़ित ने उससे शालीनता से बात करने को कहा और अपनी पहचान बताते हुए कहा कि मैं एडवोकेट हूं, कृपया तमीज से बात करें, तो यह सुनते ही गार्ड का गुस्सा और बढ़ गया। उसने तंज कसते हुए कहा, एडवोकेट है तो क्या हुआ? तुम लोगों ने तो नाक में दम कर रखा है, इस गाड़ी को तो मैं इम्पाउंड ही करूँगा। वकील ने जब उसे नियमों का हवाला दिया, तो आरोपी ने कहा कि उसे सारे अधिकार प्राप्त हैं और वह किसी से नहीं डरता। उसने यहां तक कह दिया कि उसकी पहुंच ऊपर तक है और शिकायत करने से उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। बीच-बचाव के बाद भी नहीं माना गार्ड पीड़ित वकील के अनुसार, वहां मौजूद अन्य लोगों और उसके साथी वकील ने भी बीच-बचाव करने तथा मामले को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षाकर्मी लगातार अपनी वर्दी और पद का रौब झाड़ता रहा और अभद्र भाषा का प्रयोग करता रहा। इस घटना से आहत होकर पीड़ित वकील ने तुरंत पानीपत पुलिस के उच्चाधिकारियों को मामले की लिखित शिकायत दी है। शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि ऑन-ड्यूटी सुरक्षाकर्मी द्वारा वकीलों के साथ इस तरह का अमर्यादित व्यवहार और धमकी देना पूरी तरह गैर-कानूनी है। पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी गार्ड के खिलाफ तुरंत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
Source link
पानीपत में वकील के साथ पुलिसकर्मी की नोकझोंक, VIDEO:नाके पर स्कूटी रोकने पर हुआ विवाद, SP-DSP को दी शिकायत







