![]()
पानीपत की CIA-2 पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध रिवॉल्वर और 6 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल उर्फ भोलू निवासी बुसाना, सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। थाना शहर के पास संदिग्ध हालत में खड़ी थी स्कॉर्पियो सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि बुधवार शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना शहर के नजदीक सर्विस लाइन पर एक काली स्कॉर्पियो खड़ी है, जिसमें सवार युवक के पास अवैध हथियार हो सकता है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर गाड़ी में बैठे राहुल को काबू किया। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से एक 32 बोर की लोडेड रिवॉल्वर बरामद हुई, जिसमें 6 जिंदा कारतूस भरे हुए थे। दोस्त के कहने पर दोस्त की ही गाड़ी और हथियार लाया पूछताछ में राहुल ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसका दोस्त अजीत उर्फ जीता निवासी गांव कवि जानलेवा हमले के मामले में जेल से बेल पर आया हुआ है। 22 अप्रैल को अजीत की पानीपत कोर्ट में तारीख थी। अजीत ने राहुल को गाड़ी और हथियार के साथ आने को कहा था ताकि वह अपना प्रभाव जमा सके। राहुल ने अपने एक दोस्त चाहत से उसकी स्कॉर्पियो मांगी और दूसरे दोस्त सुधीर से उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर व कारतूस मांगे। राहुल यह हथियार लेकर अजीत के पास पहुंचा था और वारदात के समय वह अजीत का इंतजार कर रहा था। लाइसेंसी हथियार का गलत इस्तेमाल पड़ा भारी भले ही रिवॉल्वर लाइसेंसी थी, लेकिन राहुल के पास उसे रखने का कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं था। दूसरे व्यक्ति का हथियार लेकर घूमना और उसे लोडेड रखना कानूनन अपराध है। जेल भेजा गया आरोपी पुलिस ने बरामद रिवॉल्वर, कारतूस और स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। थाना शहर में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी राहुल को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
Source link
पानीपत में लोडेड रिवॉल्वर संग युवक गिरफ्तार:स्कॉर्पियो में घूम रहा था, दोस्त की कोर्ट पेशी पर आया था रौब दिखाने







