![]()
पानीपत जिले में थाना सेक्टर 13/17 क्षेत्र में एक नाबालिग का रास्ता रोककर अपहरण करने, मारपीट करने और धमकी देने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। सीआईए वन पुलिस टीम ने देर रात सूचना के आधार पर गांव राणा माजरा में दबिश देकर इन आरोपियों को पकड़ा। इनकी पहचान राणा माजरा निवासी समरा और आठ मरला निवासी रोहित के रूप में हुई है। सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रोटी बैंक के नाम पर शहर में रसीद काटकर पैसे इकट्ठा करते थे और रकम को नशे पर खर्च कर देते थे। नशे की पूर्ति के दिया वारदात को अंजाम 20 जून को नशे की पूर्ति के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। दोनों आरोपी रोटी बैंक की रसीद बुक और अपनी पल्सर बाइक लेकर शहर में निकले, लेकिन किसी ने पर्ची नहीं कटवाई। इसके बाद वे अंसल क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्हें तीन युवक खड़े दिखाई दिए। आरोपियों ने अपने चेहरे रुमाल से ढक लिए और युवकों का रास्ता रोक लिया। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए तीनों युवकों की तलाशी ली। जब उनके पास पैसे नहीं मिले, तो आरोपियों ने दो युवकों के मोबाइल फोन छीन लिए और पैसे देने के बाद फोन वापस करने को कहा। एक युवक ने कहा कि वह गूगल पे से पैसे दे देगा, जिसके बाद आरोपी उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर बराना गांव के खेतों में ले गए। पैसे देने से इनकार करने पर की मारपीट खेतों में पहुंचने पर युवक ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल का पासवर्ड पूछा और जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने बाद में मोबाइल फोन बराना अड्डे के पास दुकानों के सामने फेंक दिए और मौके से भाग गए। इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी रोहित का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है। उसके खिलाफ हत्या, चोरी तथा मारपीट की वारदातों के पानीपत और करनाल में करीब 20 मामले दर्ज हैं। आरोपी करीब तीन माह पहले करनाल जेल से जमानत पर बाहर आया था।
यह है पूरा मामला थाना सेक्टर 13/17 में सेक्टर 18 निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 17 वर्षीय नाबालिग बेटा अपने दो दोस्तों के साथ 20 जून को दोपहर करीब 12 बजे ट्यूशन पढने के बाद बाइक व स्कूटी से अंसल में घुमने चले गए थे। वहां एक बगैर नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने बाइक अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। युवकों ने मुंह को कपड़े ढका हुआ था। युवक अपने आप को सीआईए पुलिसकर्मी बताते हुए उनकी तलाशी लेने लगे। बेटे व उसके एक दोस्त के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद आरोपी उसके बेटे को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर बराना गांव के खेतों में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। बाद में धमकी देकर छोड़ दिया। बेटा वहां से घर आ रहा था तो बराना गांव के पास एक राहगीर ने बेटे को फोन वापस कर कहा कि उसे फोन सड़क पर पड़े मिले थे। आरोपियों ने उसके बेटे का अपहरण कर मारपीट की। राजेश की शिकायत पर थाना सेक्टर 13/17 में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास शुरू किए थे।
Source link







