![]()
पानीपत के भैंसवाल रोड पर स्थित खड़ंजा रोड के पास श्री लक्ष्मी गोदाम में गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। यहां एक गोदाम (धागा फैक्ट्री) में खेल रही तीन बच्चियों पर धागे की भारी-भरकम गांठें (बंडल) अचानक ऊपर से गिर गईं। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चियों की दम घुटने और चोट लगने के कारण मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बच्चियों के माता-पिता इसी गोदाम में मजदूरी का काम करते हैं। खेलते-खेलते काल के गाल में समाईं मासूम प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री लक्ष्मी नाम के इस गोदाम में रोजाना की तरह मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान परिसर में तीन बच्चियां खेल रही थीं। मृतकों की पहचान साढ़े 4 वर्षीय प्रयगा पुत्री नरेंद्र और ढाई वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। प्रयगा की मां का नाम मूर्ति है, जिसने इसी साल अपनी लाडली का नर्सरी कक्षा में एडमिशन करवाया था। वहीं हादसे में घायल तीसरी बच्ची की पहचान 5 वर्षीय रोशनी के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां जब आपस में खेल रही थीं, तभी ऊपर सटकर रखी गईं भारी वजन वाली धागे की दो बड़ी गांठें अचानक उनके ऊपर भरभरा कर गिर गईं और तीनों उसके नीचे पूरी तरह दब गईं। चीख-पुकार सुन दौड़े लोग, सिविल अस्पताल में दो को मृत घोषित किया हादसा होते ही गोदाम में चीख-पुकार मच गई। वहां काम कर रहे परिजनों और अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में भारी गांठों को हटाकर तीनों बच्चियों को बाहर निकाला और तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर दौड़े। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद साढ़े 4 साल की प्रयगा और ढाई साल की सोनम को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, भारी वजन के नीचे दबने से बच्चियों का दम घुट गया था। वहीं, तीसरी बच्ची रोशनी (5 वर्ष) की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कर लिया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
Source link
पानीपत में धागा गोदाम में दो बच्चियों की मौत:भारी-भरकम धागे की गांठें ऊपर गिरी, एक बच्ची हुई घायल; मां कर रही थी पास में काम







