पानीपत में GT रोड पर पुलिस लाइन के पास एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक राज ठेकेदार के अधीन मजदूरी का काम करने वाले व्यक्ति की तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे ट्रैक्टर से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित ट्रैक्टर का पिछला भारी पहिया सीधे मजदूर के सिर के ऊपर से उतर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर फरार ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। समालखा से ईंटें छोड़कर पानीपत लौट रहा था ट्रैक्टर सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले (गांव दलहेड़ी, ब्लॉक नानौता देहात) की रहने वाली महिला ने बताया कि वह फिलहाल पानीपत की नूरवाला बरसत रोड स्थित गीता कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। उसका पति धर्मवीर के देवी मंदिर के पास एक राज ठेकेदार के अधीन मजदूरी और बेलदारी का काम करता था। 6 जून को राज ठेकेदार ने उसके पति धर्मवीर और ट्रैक्टर के ड्राइवर को एक साथ समालखा की तरफ ट्रैक्टर में ईंटें छोड़कर आने के लिए भेजा था। समालखा में ईंटें अनलोड करने के बाद दोनों ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस पानीपत की तरफ लौट रहे थे। संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरा मजदूर, सिर पर चढ़ा भारी पहिया पीड़िता का आरोप है कि वापसी के दौरान ट्रैक्टर चालक अपनी गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चला रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर जीटी रोड पर पुलिस लाइन पानीपत से थोड़ा पहले यानी पालीवाल फैक्ट्री के पास पहुंचा, तो ड्राइवर की लापरवाही के कारण ट्रैक्टर को एक जोरदार झटका लगा। गति तेज होने के कारण ट्रैक्टर पर बैठे धर्मवीर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह उछलकर सीधे नीचे सड़क पर आ गिरा। इससे पहले कि धर्मवीर खुद को संभाल पाता, तेज रफ्तार ट्रैक्टर का भारी-भरकम पिछला पहिया सीधे उसके सिर को कुचलता हुआ ऊपर से निकल गया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण धर्मवीर की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
Source link
