Top 5 This Week

Related Posts

पानीपत की फाइबर फैक्ट्री में लगी आग:60 टन माल, मशीनों समेत पूरी बिल्डिंग स्वाहा; बिजली कम-ज्यादा होने से हुआ शॉर्टसर्किट




पानीपत के काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर में सोमवार तड़के एक खिलौनों में भरने वाली फाइबर बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी फैक्ट्री को अपनी आगोश में ले लिया। इस हादसे में फैक्ट्री के अंदर रखी कीमती मशीनें, लाखों रुपए का कच्चा व तैयार माल और पूरी बिल्डिंग जलकर खाक हो गई। फैक्ट्री मालिक ने दमकल विभाग पर लापरवाही और देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। सुबह 5:30 बजे शार्ट सर्किट से भड़की आग फैक्ट्री के मालिक अरुण निवासी घरौंडा ने बताया कि वह पिछले 5 साल से अर्जुन नगर में खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली फाइबर बनाने की फैक्ट्री चला रहे हैं। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे इलाके में बिजली की वोल्टेज अचानक अप-डाउन होने लगी। इसी दौरान फैक्ट्री के भीतर बिजली के पैनल में जोरदार शार्ट सर्किट हुआ और चिंगारी सुलग उठी। फाइबर अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही पूरी फैक्ट्री को घेर लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। रविवार के कारण रुकी थी सप्लाई, आज होना था माल रवाना फैक्ट्री मालिक अरुण ने बताया कि आगजनी के समय फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में स्टॉक मौजूद था। फैक्ट्री के गोदाम में करीब 50 से 60 टन कच्चा माल रखा हुआ था। लगभग 10 टन तैयार माल पूरी तरह पैक था। अरुण ने बताया कि इस तैयार माल को रविवार को ही भेजा जाना था, लेकिन रविवार की छुट्टी होने की वजह से गाड़ी रवाना नहीं की गई। इसे सोमवार सुबह पानीपत के इंडस्ट्रियल एरिया में सप्लाई के लिए भेजा जाना था। लेकिन माल रवाना होने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो गया। पड़ोसी महिला ने दी सूचना; दमकल विभाग पर लगे देरी के आरोप फैक्ट्री में आग लगने की भनक सबसे पहले पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को लगी। उन्होंने तुरंत फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देख शोर मचाया और फैक्ट्री मालिक व दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। हादसे से आक्रोशित फैक्ट्री मालिक अरुण ने दमकल विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड की शुरुआती दो गाड़ियां काफी देरी से मौके पर पहुंचीं। अगर दमकल की गाड़ियां समय पर आ जातीं, तो आग पर शुरुआत में ही काबू पाया जा सकता था और इतने बड़े पैमाने पर नुकसान होने से बच जाता।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें