पलवल जिले के पृथला स्थित एक निजी कंपनी में काम करते समय एक प्रेस मशीन ऑपरेटर की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी मालिक और प्लांट हेड के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप के अनुसार, पातली खुर्द गांव निवासी रोहित कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके 50 वर्षीय पिता अशोक कुमार पिछले करीब दस महीने से पृथला गांव की अरविंदो हाई टेक कंपनी में प्रेस ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। मालिक को बताई थी मशीन की हालत खराब रोहित का आरोप है कि करीब दो महीने पहले अशोक कुमार ने घर आकर बताया था कि जिस मशीन पर वह काम करते हैं, उसकी हालत बेहद खराब है और वह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने इस बारे में प्लांट हेड और कंपनी मालिक को भी अवगत कराया था, लेकिन प्रबंधन ने मशीन ठीक कराने के बजाय उन पर जबरन उसी पर काम करने का दबाव बनाया। परिवार को नहीं दी हादसे की सूचना इसी दबाव के चलते ऑपरेटर अशोक कुमार हादसे का शिकार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें कंपनी की ओर से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन परिवार को इसकी सूचना नहीं दी गई। परिजनों का आरोप है कि यदि उन्हें समय रहते पता चलता, तो वे अशोक कुमार को बेहतर इलाज के लिए किसी बड़े अस्पताल ले जा सकते थे, जिससे उनकी जान बच सकती थी। इलाज के दौरान तोड़ा दम बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें ईएसआईसी अस्पताल फरीदाबाद ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रोहित कुमार की शिकायत पर कंपनी मालिक और प्लांट हेड के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Source link
पलवल की फैक्ट्री ऑपरेटर की इलाज के दौरान मौत:खस्ताहाल मशीन की चपेट में आने से हुआ था घायल; प्लांट हेड पर केस
