फतेहाबाद जिले की रतिया सदर थाना पुलिस ने गांव तामसपुरा की एक महिला को डोडा चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के घर के साथ लगते ज्वार के खेत में छिपाकर रखा गया 4 किलो 895 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सदर थाना रतिया प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि गांव तामसपुरा निवासी मनजीत कौर उर्फ रानी कौर अपने घर के साथ लगते ज्वार के खेत में डोडा चूरा पोस्त छिपाकर रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मौके पर दबिश दी। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज तलाशी के दौरान खेत में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के एक कट्टे की जांच की गई। कट्टे के अंदर से 4 किलो 895 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने महिला आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सदर थाना रतिया में 4 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट की धारा 15-बी, 61 व 85 के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ढूंढेगी सप्लाई चेन एसएचओ शीशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता किया जाएगा कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जानी थी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
Source link
फतेहाबाद में नशे के साथ महिला गिरफ्तार:घर के पास ज्वार के खेत में छुपा रखा था डोडा चूरापोस्त; सप्लाई चेन तलाशेगी पुलिस
