पठानकोट के कस्बा नरोट जैमल सिंह के गांव भगवाल के रहने वाले एक व्यक्ति की शराब पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रवीण कुमार (उम्र 55) वर्ष के रूप में हुई है। प्रवीण की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को पानी बताकर धोखे से जहरीला पदार्थ पिलाया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे कठुआ जीएमसी में भर्ती करवाया गया पर बीते दिन उसकी मोत हो गई। जिसके बाद नरोट पुलिस ने पोल्ट्री फार्म मालिक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर से दिहाड़ी लगाने गया था प्रवीण
पुलिस को दिए गए बयान में प्रवीण कुमार की पत्नी अमरजीत कौर ने बताया कि 24 अप्रैल की सुबह प्रवीण कुमार गांव भगवाल के ही निवासी जसवीर सिंह के पोल्ट्री फार्म पर दिहाड़ी लगाने गया था। पत्नी अमरजीत कौर के अनुसार, प्रवीण ने बताया कि जसवीर सिंह ने उसे शराब पीने को दी। जब प्रवीण नल से पानी लेने जाने लगा, तो जसवीर ने उसे रोका और कहा कि पास में पड़ी बोतल में साफ पानी है।
अचानक बिगड़ी तबीयत
अमरजीत कौर के मुताबिक जैसे ही प्रवीण ने उस बोतल के तरल को शराब में मिलाकर पिया, उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसकी आंखों में सूजन आ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। प्रवीण ने जब सारा वाक्या पत्नी को बताया तो उसके छोटे बेटे संदीप कुमार को फार्म हाउस जाकर उस बोतल को लाने को कहा। वह बोतल अभी भी परिवार के पास है।
कठुआ में इलाज के दौरान मौत
तबीयत बिगड़ने पर प्रवीण को पहले गांव फतेहपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कठुआ (JK) रेफर कर दिया। अस्पताल में कई दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बीते कल प्रवीण कुमार की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नरोट जैमल सिंह थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी अमरजीत कौर की शिकायत के आधार पर पोल्ट्री फार्म के मालिक जसवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Source link
पठानकोट में शराब पीने से व्यक्ति की मौत:पत्नी ने लगाया साजिश का आरोप, बोली-शराब में पानी की जगह मिलाया था जहर, मरने से पहले निकली थी मुंह से झाग, फार्म मालिक नामजद
