Related Posts

पठानकोट में फिल्मी अंदाज में पकड़ी शराब:एक्साइज की गाड़ी ने तस्कर की गाड़ी को मारी टक्कर, चपेट में आई स्कूटी, 5 साल के बच्चे समेत परिवार गंभीर




पठानकोट के मनवाल चौक पर आबकारी विभाग की गाड़ियों द्वारा एक संदिग्ध कार का पीछा करने के दौरान बड़ा हादसा होने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, वीरवार की देर रात एक्साइज विभाग की गाड़ियां शराब लदी एक कार का पीछा कर रही थी, जिसे मनवाल चौक पर आकर टक्कर मारी गई। लेकिन, फिल्मी अंदाज में मारी गई टक्कर में शराब लदी कार की चपेट में एक स्कूटी आ गई।
जिस पर सवार 5 साल के मासूम बच्चे सहित पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिन्हें आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां बच्चे की हालत गंभीर बना हुई है। वहीं, शराब लदी कार का चालक गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें से 14 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। शाहपुरकंडी पुलिस ने गाड़ियां और शराब कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चौक पर मची अफ़रातफ़री, आरोपी ड्राइवर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों स्थानीय निवासी अभी और टिंका ने बताया कि रात के समय करीब 4 गाड़ियां फिल्मी अंदाज में मनवाल की तरफ से आ रही थीं। एक्साइज विभाग की गाड़ियां एक कार का पीछा कर रही थीं। इसी दौरान मनवाल चौक पर तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण हादसा हो गया। शराब लदी कार बिजली के खंबे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी पर सवार लोग भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्साइज विभाग की गाड़ियां और पीछा की जा रही कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गए।
गाड़ी से बरामद हुई अवैध शराब
हादसे का शिकार हुई संदिग्ध कार को जब स्थानीय लोगों ने देखा, तो वह पूरी तरह से शराब से भरी हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, गाड़ी में करीब 14 पेटियां अवैध शराब मौजूद थी। गुस्साए ग्रामीणों ने इस घटना को आबकारी विभाग की गुंडागर्दी करार दिया है। अभी ने कहा कि अगर अधिकारियों को सूचना थी कि गाड़ी में शराब है, तो वे आगे शाहपुरकंडी, शाहपुर चौर या पंगोली नाका पर फोन करके उसे रुकवा सकते थे। इस तरह सरेआम बाज़ारों और चौकों में गाड़ियां दौड़ाकर आम जनता की जान को खतरे में डालना सरासर गलत है। आज किसी और का बच्चा जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है, कल को हमारा भी कोई पारिवारिक सदस्य हो सकता था। पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। एक्साइज इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे
मौके पर पहुंचे एक्साइज इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने बताया कि कार में शराब तस्करी की सूचना के बाद कार की पीछा किया जा रहा था। कार से 14 पेटी शराब बरामद की गई है। कार की चपेट में लोग आए हैं, इसके बारे में कोई सूचना नहीं है। फिल्हाल, कार और शराब को जब्त किया गया है। अगामी कार्रवाई पुलिस करेगी। वहीं, एएसआई मनिंदर सिंह का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी ने एक्सीडेंट किया है, जिसके तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और उसे टो करके थाने ले जाया जा रहा है। गाड़ी की डिग्गी में शराब की पेटियां हैं, जिनकी सटीक गिनती थाने ले जाकर की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि घायल बच्चे और परिवार की स्थिति की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की पूरी तफ्तीश की जाएगी तथा कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें