![]()
एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) में तैनात डीएसपी योगेश कुमार शर्मा की मंगलवार सुबह फगवाड़ा स्थित अपने सरकारी आवास पर गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, डीएसपी अपनी सरकारी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। इसी दौरान गोली चली और उनके सीने में लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या गलती से गोली चलने से उनकी जान गई। कपूरथला की SP माधवी शर्मा ने कहा है कि परिवार के बयान पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामला गलती से गोली चलने का ही लग रहा है। तीन दिन पहले ही इनका ट्रांसफर चंडीगढ़ हुआ था। घर में परिवार के साथ मौजूद थे डीएसपी यह घटना सुबह करीब साढ़े 7 बजे की बताई जा रही है। उस समय डीएसपी योगेश कुमार अपने परिवार के सदस्यों, पत्नी, माता-पिता, बेटा और बेटी के साथ घर पर ही मौजूद थे। घटना के बाद उन्हें तुरंत जालंधर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। SSP ने मामले की पुष्टि की कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अधिकारी का तीन दिन पहले ही ANTF से चंडीगढ़ स्थित ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (BOI) में तबादला हुआ था। परिवार से मिली जानकारी में बताया गया है कि DSP योगेश कुमार अपने हथियार की सफाई कर रहे थे, तभी गलती से गोली चल गई। SP बोलीं- डॉक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा घटना की सूचना मिलते ही SP माधवी शर्मा मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने कहा- फगवाड़ा के सदर थाना के अंतर्गत पुलिस क्वार्टर में दुखदायी घटना हुई है। हमारे DSP योगेश कुमार शर्मा की मौत हो गई। वह वर्तमान में चंडीगढ़ में पोस्टेड थे। उनका ANTF से ट्रांसफर हुआ था। SP ने कहा- DSP को नई पोस्टिंग कर अपना हथियार जमा करवाना था। आज सुबह उठकर चाय-नाश्ता कर वह अपना हथियार साफ कर रहे थे। सफाई करते समय एक एक्सीडेंटल फायर हुआ, जो उनके सीने पर लगा। क्वार्टर में मौजूद मुलाजिम उन्हें तुरंत ही अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। SP का कहना है कि आगे की कार्रवाई परिवार के बयानों के आधार पर अमल में लाई जाएगी। सारा पुलिस डिपार्टमेंट उनके परिवार के साथ खड़ा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, जहां डॉक्टरों का एक पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा।
Source link
पंजाब- DSP की सीने में गोली लगने से मौत:सरकारी रिवॉल्वर साफ करते समय फायर; 3 दिन पहले चंडीगढ़ ट्रांसफर हुआ था







