होटल में पड़ी कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट की लाश और रात में खाया खाना।
फाजिल्का जिले के एक होटल में रविवार को फर्टिलाइजर कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट की लाश मिली। वह अबोहर में कंपनी के डीलरों से मीटिंग करने के लिए आए थे। जब ड्राइवर के बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी वह बाहर नहीं आए तो पुलिस बुलाई गई।
.
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो वह बेड पर मृत पड़े हुए थे। पास ही टेबल पर कुछ बचा हुआ खाना और एक शराब की बोतल भी मिली है। हालांकि, कमरे में न तो संघर्ष के कोई निशान मिले हैं, और न ही मृतक की बॉडी पर कोई चोट है।
मृतक अफसर मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले थे। हालांकि, उनकी मौत कैसे हुई, पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। वहीं, शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।

कंपनी अफसर की मौत के बाद होटल में जांच करती पुलिस।
आज कंपनी के डीलरों से मीटिंग थी
इस बारे में मृतक के ड्राइवर मुकेश कुमार ने बताया कि उदयपुर के हिरण नगरी सेक्टर-6 में रहने वाले प्रबल कानूनगो शनिवार शाम को अबोहर पहुंचे थे। वह पटेल फोस्केम लिमिटेड नाम की फर्टिलाइजर कंपनी में मार्केटिंग के वाइस प्रेजिडेंट थे। उन्हें रविवार को कंपनी के डीलरों से मीटिंग करनी थी।
होटल में ठहरे, ड्राइवर घर चला गया
ड्राइवर ने बताया कि अबोहर आने के बाद प्रबल कानूनगो होटल सनबीम के कमरा नंबर 104 में ठहरे हुए थे। होटल सनबीम अबोहर के मुख्य बस स्टैंड के नजदीक स्थित है। उन्हें छोड़ने के बाद ड्राइवर अपने घर सारदुलशहर चला गया।
रविवार सुबह ड्राइवर मुकेश ने कानूनगो को कॉल की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। मुकेश को चिंता हुई तो उसने तुरंत एक अन्य ड्राइवर को प्रबल कानूनगो को देखने के लिए होटल में भेजा।

कंपनी अफसर के बैग से मिला आधार कार्ड, जिससे उनकी पहचान हुई।
गेट नहीं खोला तो पुलिस बुलाई, अंदर लाश मिली
मुकेश के अनुसार, दूसरा ड्राइवर होटल सनबीम पहुंचा। उसने अधिकारी के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। गेट नहीं खुला तो ड्राइवर को कुछ शक हुआ। उसने तुरंत होटल मैनेजर को बताया।
मैनेजर ने भी अपने स्टाफ के साथ कोशिश की, लेकिन तब भी दरवाजा नहीं खुला। शक गहराने पर होटल मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस ने आकर दरवाजा तोड़ा तो कानूनगो अपने बेड पर मृत पड़े हुए थे।

होटल में मृत मिले कंपनी अफसर प्रबल कानूनगो की फाइल फोटो।
होटल मालिक बोले- शाम को होटल पहुंचे थे कानूनगो
होटल सनबीम के संचालक मंगत बटला ने बताया कि प्रबल कानूनगो शनिवार शाम करीब 7 बजे होटल पहुंचे थे और कमरा नंबर 104 बुक कराया था। रात साढ़े 9 बजे तक उन्होंने खाने का ऑर्डर दिया।
होटल कर्मचारियों के अनुसार, खाने में प्रबल कानूनगो को चावल और सब्जी उन्हें परोसी गई। इसके अलावा उन्होंने शराब भी पी थी। पुलिस को कमरे से एक शराब की बोतल मिली है। हालांकि, कमरे में किसी प्रकार की दवा बरामद नहीं हुई। टेबल पर रात का कुछ बचा हुआ खाना भी पड़ा मिला।
कमरे में नहीं मिले के निशान
पुलिस जांच में कमरे के अंदर किसी प्रकार के संघर्ष, झगड़े या जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिले हैं। कमरे से कोई दवाई भी बरामद नहीं हुई। केवल शराब की बोतल और टेबल पर रखा बचा हुआ भोजन मिला है। इसी कारण पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मृतक के बेटे को भी सूचना भेज दी गई है। वह सोमवार को फ्लाइट से दिल्ली पहुंचने के बाद अबोहर आएगा।
फिलहाल केवल इत्तलाह रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने अभी तक मामले में किसी के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की है। थाने में केवल इत्तलाह रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारण स्पष्ट होने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।







