पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदला हुआ है। दो दिन यानी आज (25 जून) और कल बारिश, आंधी और गरज-चमक का येलो अलर्ट है। इस दौरान हवाएं चलेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक तापमान में 0.7 डिग्री की वृद्धि हुई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया है। वहीं, इस दौरान बिजली की डिमांड 15 हजार मेगावाट से अधिक रही है। जबकि थर्मल प्लांट के तीन यूनिट बंद रहे हैं। जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून पहुंचने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 12 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट है। जबकि 15 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश की संभावना है। 33 फीसदी कम बारिश दर्ज पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 30.5 मिमी बारिश श्री आनंदपुर साहिब (रूपनगर) में दर्ज की गई। इसके अलावा पठानकोट, थेन डैम (पठानकोट) और मोहाली में 1-1 मिमी, जबकि पटियाला में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अमृतसर में केवल ट्रेस बारिश दर्ज हुई। राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में बारिश नहीं हुई। राज्य में सामान्य औसत 35.7 मिमी के मुकाबले वर्षा 33 प्रतिशत कम है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। गर्मी के दो असर 1. पंजाब में भले ही कुछ जिलों में बारिश हुई, लेकिन उमस काफी बढ़ गई थी। दूसरा, धान लगाने का काम चल रहा है। ऐसे में बिजली की डिमांड 15 हजार मेगावाट पहुंच गई। शाम साढ़े छह बजे बिजली की डिमांड 14,790 मेगावाट थी। जबकि आठ बजे यह 14,972 मेगावाट पहुंच गई। पौने नौ बजे यह 15,150 मेगावाट पहुंच गई। इस दौरान पंजाब ने 49,717 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया। केंद्र से 10,051 मेगावाट ली गई। डिमांड पहले 9,700 मेगावाट रखी गई थी, लेकिन जब खपत बढ़ी तो अधिक बिजली लेनी पड़ी। 2. रोपड़ के चार में से एक यूनिट व लहरा मोहब्बत के चार में से दो यूनिट बंद हैं। जबकि बाकी नियमित रूप से चल रहे हैं। हाइड्रो से 877 मेगावाट उत्पादन हुआ है। ऐसी है मौसम की स्थिति पंजाब और आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) अब पूर्व की ओर बढ़कर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में पहुंच गया है। वहीं हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) अब उत्तर हरियाणा के ऊपर सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तापमान बढ़ने के आसार मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 24 से 26 जून और 29 जून तक पंजाब के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाएं भी चलेंगी। वहीं अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम 26 जून: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोगा, बरनाला, संगरूर, पटियाला और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश व आंधी की संभावना है। 27 जून: राज्य का मौसम ड्राई रहेगा। किसी तरह का अलर्ट नहीं है। 28 जून: राज्य का मौसम ड्राई रहेगा। किसी तरह का अलर्ट नहीं है।
Source link
पंजाब-चंडीगढ़ में दो दिन बारिश और आंधी का अलर्ट:तापमान में 0.7 डिग्री बढ़ोतरी, जून के आखिर में मानसून की दस्तक के आसार
