Related Posts

पंचकूला के युवक ने भाई से विवाद में निगला जहर:मौत के बाद पत्नी बोली- मानसिक प्रताड़ना ने ली पति की जान, ताऊ-ताई व भाई-भाभी पर केस




पंचकूला के पिंजौर में एक युवक ने जहर निगल कल सुसाइड कर लिया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने परिवार के ही चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पत्नी का आरोप है कि पति को लंबे समय से परिवार की ओर से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। यही प्रताड़ना उनकी मौत का कारण बनी। पत्नी ऋद्धि शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से लगातार मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं होती थीं। परिवार के लोग उन्हें हर विवाद के बाद माफी मांगने के लिए मजबूर करते थे। इससे उसके पति विशाल शर्मा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। भाई से विवाद के बाद बढ़ा तनाव शिकायत के अनुसार 26 जून की शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच विशाल शर्मा का अपने बड़े भाई रजत शर्मा से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान रजत ने विशाल के साथ मारपीट की, चप्पलों से पीटा और गाली-गलौज की। घटना आसपास के लोगों ने भी सुनी। पत्नी का कहना है कि अपमानित होकर विशाल ने गुस्से में अपने सिर पर नारियल मारा, जिस पर कथित तौर पर भाई ने ताना मारते हुए कहा कि “ऐसे नहीं मरेगा, जहर खा ले।” इसके अगले दिन दंपती घर छोड़कर दूसरे मकान में रहने चले गए। पत्नी का आरोप है कि विशाल जब भी अपने पिता को परिवार के व्यवहार के बारे में बताते थे तो वे मामले को गंभीरता से नहीं लेते थे। पत्नी को भी जहर पिलाने का आरोप शिकायत में कहा गया है कि 30 जून की शाम करीब 4:30 बजे विशाल ने पानी में कोई दवा घोलकर पहले पत्नी को पीने के लिए दी और बाद में खुद भी दूसरा गिलास पी लिया। इसके बाद उसने पत्नी से कहा कि “हम दोनों में से कोई एक मरेगा, तभी मेरे परिवार को अक्ल आएगी।” साथ ही पत्नी से न्याय दिलाने की बात कहकर वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह अपने दोस्त परमिंद्र के साथ आईटीआई रोड की ओर गया, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुसाइड नोट में चार लोगों के नाम पत्नी ने पुलिस को बताया कि मरने से पहले विशाल ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। उसमें लिखा था कि उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। नोट में कथित तौर पर उर्मिला, अश्वनी कुमार, रजत शर्मा और तमन्ना को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है। हालांकि यह नोट पुलिस को नहीं सौंपा गया है। पुलिस ने दर्ज किया मामला पुलिस के अनुसार 30 जून की रात अस्पताल से सूचना मिलने पर कार्रवाई शुरू की गई। 1 जुलाई को मृतक की पत्नी का बयान दर्ज किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया, सीन ऑफ क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच और शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें