![]()
नूंह जिले के भिरावटी गांव में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। गुरुग्राम निवासी जतिन यादव ने आरोप लगाया है कि महिला सहकर्मी को बचाने के बाद उस पर और उसके साथी पर 15-20 लोगों ने हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जतिन यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। 18 जून को उसकी एक महिला सहकर्मी ने फोन कर कुछ लोगों द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद जतिन मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित वहां से भेज दिया। शिकायत के अनुसार, बाद में कुछ लोगों ने जतिन को बातचीत के बहाने अपने कार्यालय बुलाया। कार्यालय के बाहर पहले से मौजूद थे हमलावर जतिन यादव का आरोप है कि कार्यालय से बाहर निकलते ही पहले से मौजूद 15 से 20 लोगों ने उस पर और उसके साथी राजपाल पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, तलवार और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उसके गले से तीन तोला सोने की चेन छीन ली गई। उसका कहना है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सकती है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया। जतिन यादव ने बताया कि उनकी आंख में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उसे देखने में परेशानी हो रही है। परिवार का आरोप- शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और धमकी जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। वहीं, थाना रोजका मेव प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नूंह में प्रॉपर्टी डीलर पर लाठी-डंडों से हमला:साथी को भी किया घायल महिला सहकर्मी को बचाने को लेकर विवाद, हायर सेंटर रेफर







