![]()
नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के बड़का गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि खेत से लौटते समय पिता-पुत्र पर घात लगाकर हमला किया गया और ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से अय्यूब और उनका बेटा ओसामा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले नल्हड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अस्पताल में उपचाराधीन ओसामा ने बताया कि वह अपने पिता अय्यूब के साथ खेत देखने गए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे और दोनों को चारों तरफ से घेर लिया। बीस राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप ओसामा का आरोप है कि, आरोपी इरशाद ने उस पर गोली चलाई, जबकि उसके पिता अय्यूब को इमरान ने गोली मारी। उसने दावा किया कि हमले में उनके चाचा-ताऊ के लड़के शामिल थे और करीब बीस राउंड फायरिंग की गई थी। घायल युवक का आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के लगातार फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगते ही पिता-पुत्र खेत में ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहले भी कई बार झगड़े और धमकियां दी गई थीं, वहीं, बिछोर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि यह मामला दो भाइयों के बीच जमीन विवाद का है। इससे पहले भी इसी विवाद को लेकर मुकदमा दर्ज है। मंगलवार को दोबारा विवाद हुआ, जिसमें फायरिंग के दौरान दो लोगों को गोली लगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link







