![]()
रेवाड़ी में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वाले 7 पदाधिकारियों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे हैं। इस कदम से जिले की कांग्रेस राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस की मासिक समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रवीण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस में अब व्यक्ति विशेष की राजनीति और गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन सर्वोपरि है और कोई भी नेता या पदाधिकारी यदि पार्टी हितों के विरुद्ध कार्य करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’ उन्होंने बताया कि निकाय चुनाव के दौरान कुछ पदाधिकारियों ने पार्टी की अधिकृत लाइन के विपरीत कार्य किया था। इसकी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश नेतृत्व और हाईकमान को भेज दी गई है। अब आगे का निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। चौधरी ने यह भी कहा कि चाहे कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों न हो, पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवीण चौधरी ने नगर परिषद की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन का नाम लिए बिना शहर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल सफाई मशीनों के साथ फोटो खिंचवाने से शहर साफ नहीं होगा। यदि वास्तव में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है, तो सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त भर्ती करनी होगी और जमीनी स्तर पर काम करना होगा। ‘लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए’ उन्होंने हाल ही में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक पार्षद को लुटेरा कहे जाने की घटना को भी गलत बताया। चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए और इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं। चौधरी ने अंत में कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी में अनुशासन और संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक कदम आगे भी उठाए जाते रहेंगे।
Source link
निकाय चुनाव के बाद रेवाड़ी कांग्रेस में घमासान:बागी नेताओं पर कार्रवाई की तैयारी; 7 पदाधिकारियों के नाम हाईकमान को भेजे







