![]()
पंजाब के होशियारपुर जिले के अंतर्गत आते कस्बा टांडा के अहियापुर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। अहियापुर के निवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दोपहर टांडा पुलिस थाने का घेराव कर उसके मुख्य गेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के दबाव में आकर कांग्रेस समर्थक युवाओं के खिलाफ झूठी कानूनी कार्रवाई और सरेआम धक्केशाही कर रहा है। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पूर्व कैबिनेट मंत्री संगत सिंह गिलजियां ने संभाली कमान इस बड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री संगत सिंह गिलजियां और जिला कांग्रेस अध्यक्ष दलजीत सिंह गिलजियां विशेष रूप से मौके पर पहुंचे। उनके साथ नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षद, पूर्व पार्षद, स्थानीय कांग्रेसी पदाधिकारी और भारी संख्या में अहियापुर के ग्रामीण शामिल हुए। कांग्रेसियों के इस तीखे रुख को देखते हुए पुलिस थाने के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। चुनाव में हार की बौखलाहट में हो रही प्रतिशोध की कार्रवाई धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री संगत सिंह गिलजियां ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए नगर परिषद चुनाव में अहियापुर क्षेत्र से सत्ताधारी दल (आप) के उम्मीदवार को करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार की बौखलाहट में अब कांग्रेस समर्थक युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं पर चुनाव के दौरान ‘झाड़ू’ के चुनाव चिह्न वाले पोस्टर फाड़ने जैसे हास्यास्पद और मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध (Political Vendetta) की भावना को दर्शाता है। सत्ता पक्ष के हुड़दंगियों पर मेहरबान, शरीफों पर कार्रवाई संगत सिंह गिलजियां ने कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सत्ता पक्ष के समर्थकों ने पूरे नगर में सरेआम हुड़दंग मचाया, पटाखे फोड़े और माहौल खराब करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही और उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत, शुक्रवार सुबह एक बेकसूर युवक को उसकी दुकान से जबरन एक निजी (प्राइवेट) वाहन में उठाकर लाया गया और अवैध रूप से पुलिस हिरासत में रखा गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” मांगें पूरी न होने पर चक्का जाम करने की चेतावनी जिला कांग्रेस अध्यक्ष दलजीत सिंह गिलजियां और अन्य वक्ताओं ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि राजनीतिक दबाव में की जा रही इस एकतरफा कार्रवाई को तुरंत रोका जाए और हिरासत में लिए गए युवक को बिना शर्त रिहा किया जाए। पूर्व मंत्री गिलजियां ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि टांडा पुलिस ने अपनी धक्केशाही बंद नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और तेज करेगी। होशियारपुर-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुकम्मल चक्का जाम कर सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से स्थानीय प्रशासन की होगी।
Source link
निकाय चुनाव के बाद टांडा में सियासी घमासान:'आप' के इशारे पर कांग्रेसी युवाओं को फंसाने का आरोप; थाने के बाहर धरने पर बैठे पूर्व मंत्री गिलजियां







