![]()
महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल के निकटवर्ती गांव कोरियावास निवासी तथा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत कृष्ण कुमार का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनका सोमवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा निकालकर देश की सेवा में समर्पित जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे गांव में माहौल गमगीन रहा। पिछले 20 दिनों से चल रहे थे बीमार परिजनों के अनुसार करीब 55 वर्षीय कृष्ण कुमार यादव वर्तमान में पंजाब के अमृतसर में बीएसएफ में तैनात थे। पिछले लगभग 20 दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उन्हें रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) संबंधी परेशानी के चलते अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। अंतिम दर्शन करने उमड़ी भीड़ सोमवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव कोरियावास पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। राष्ट्रध्वज में लिपटे पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक अंतिम यात्रा के लिए ले जाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। रिटायरमेंट के बचे थे 2 साल ग्रामीणों ने बताया कि कृष्ण कुमार यादव अपने मिलनसार स्वभाव के थे। उन्होंने लंबे समय तक सीमा सुरक्षा बल में सेवाएं दीं और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान निभाया। उनकी सेवा अवधि के अभी लगभग दो साल बाकी थे, जिसके बाद वह सेवानिवृत्त होने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही उनके निधन की खबर ने परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। दो बच्चों के पिता था कृष्ण कुमार कृष्ण कुमार यादव अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र और पुत्री दोनों विवाहित हैं। उनके निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि देश ने एक समर्पित जवान और गांव ने अपना सम्मानित बेटा खो दिया है।
Source link
नारनौल में BSF जवान का सैन्य-सम्मान से अंतिम संस्कार:पिछले 20 दिनों से चल रहे थे बीमार; अमृतसर में थी पोस्टिंग







