![]()
हरियाणा के नारनौल शहर का नया बना मॉडल रोड बदहाल हो गया है। इसको महिला आईटीआई से बहादुर सिंह तालाब के पास गंदे नाले तक नई सीवरेज लाइन बिछाने के लिए करीब तीन महीने पहले खोदा गया था। सीवरेज लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क की मरम्मत अब तक पूरी नहीं होने से शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस रोड पर रोजाना जाम लग रहा है। इससे वाहन चालकों, दुकानदारों, विद्यार्थियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगता है लंबा जाम मार्ग के एक हिस्से पर मिट्टी डालकर रास्ता बंद किया गया है, जिसके कारण दोनों तरफ का ट्रैफिक एक ही लेन से गुजर रहा है। सुबह और शाम के समय यहां लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं कराया। पुरानी सीवरेज लाइन बार-बार हो रही थी जाम जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि बहादुर सिंह तालाब के पास गंदे नाले से महिला आईटीआई तक पुरानी सीवरेज लाइन बार-बार जाम हो रही थी। समस्या के स्थायी समाधान के लिए मई माह में नई सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया। हालांकि काम की रफ्तार काफी धीमी रही और केवल नए मैनहोल बनाने तथा पाइपलाइन डालने में ही करीब दो महीने लग गए। अब लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क को पहले जैसी स्थिति में लाने का काम समय पर नहीं हो पाया। मॉडल रोड अब बदहाली की पहचान महिला आईटीआई से अग्रसेन चौक तक का यह मार्ग शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। यह सड़क कॉलेज, नागरिक अस्पताल, टीबी अस्पताल, रेलवे स्टेशन, स्कूल, कॉलेज और बहरोड़ रोड की ओर जाने का मुख्य रास्ता है। प्रतिदिन हजारों वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत में हो रही देरी से लोगों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। लोग बोले-कब मिलेगी जाम से राहत स्थानीय नागरिक धीरज शर्मा, सुनील कुमार, महेश आदि का कहना है कि शहर के इतने महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत में हो रही देरी समझ से परे है। लोगों ने मांग की है कि सड़क की मरम्मत जल्द पूरी कर मार्ग को पूरी तरह यातायात के लिए खोला जाए, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके। अधिकारी बोले-सड़क की मरम्मत शुरू जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमित गोयल ने बताया कि नई सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। अब क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कर पहले की तरह आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
Source link







