![]()
रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनावों के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी को रेवाड़ी में चेयरपर्सन और पार्षद पदों के लिए कुल 146 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पार्टी ने घोषणा की है कि वह सभी सीटों पर अपने चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेगी। बुधवार को रेवाड़ी में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई, जिसमें चुनाव सह-प्रभारी और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया मौजूद रहे। पूनिया ने दिन भर रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन और वार्ड से भाजपा सिंबल पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए।
भाजपा सिंबल पर लड़ेगी चुनाव सह-प्रभारी सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि भाजपा चेयरपर्सन के साथ-साथ रेवाड़ी के सभी 32 वार्डों पर भी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने जानकारी दी कि चेयरपर्सन पद के लिए लगभग 14 आवेदन आए हैं, जबकि वार्ड पार्षद के लिए करीब 132 लोगों ने आवेदन जमा कराए हैं।
20 अप्रैल तक प्रत्याशियों की घोषणा चुनाव सह-प्रभारी के अनुसार, 18 अप्रैल तक नामों की जांच (स्क्रूटनी) कर ली जाएगी। इसके बाद, 19 अप्रैल को भाजपा चुनाव समिति की बैठक होगी और 20 अप्रैल तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। खेल मंत्री गौरव गौतम को बनाया प्रभारी रेवाड़ी नगर परिषद के लिए खेल मंत्री गौरव गौतम को प्रभारी और भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव के लिए मंत्री राजेश नागर को प्रभारी और कमल यादव को सह-प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस ने भी चुनाव की तैयारी तेज दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी चुनाव की घोषणा के साथ ही गीता भुक्कल की अगुवाई में घोषणापत्र कमेटी का गठन कर दिया है। जल्द ही दावेदारों से आधिकारिक आवेदन मांगने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में 16 अप्रैल को बैठक बुलाई है, जिसके बाद चेयरपर्सन और पार्षदों के नामों की घोषणा होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरपर्सन का पद अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित रखा गया है। धारूहेड़ा नगर पालिका में चेयरमैन उम्मीदवार के लिए पद सामान्य वर्ग (ओपन) के लिए है।
Source link
नगर परिषद चुनाव में भाजपा चेयरपर्सन के लिए 14 दावेदार:रेवाड़ी में खेल मंत्री को बनाया गया प्रभारी, कांग्रेस की घोषणापत्र कमेटी गठित







