Top 5 This Week

Related Posts

दुष्यंत चौटाला ने पेयजल को लेकर सरकार पर उठाए सवाल:उकलाना में बोले- कानून व्यवस्था चरमराई, बूथ पर सक्रिय टीम से मजबूत होगा संगठन




हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को उकलाना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जेजेपी की बीएलए-2 बैठक में कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी का संगठन जितना बूथ स्तर पर मजबूत होगा, उतनी ही मजबूती से जेजेपी प्रदेश में अपनी सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम का गठन कर संगठन को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर), धार्मिक संस्थाओं के प्रबंधन और पेयजल जैसे कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान जेजेपी के सभी बीएलए-2 एवं बूथ कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन सुनिश्चित करें। नहीं कटना चाहिए पात्र मतदाता का नाम : दुष्यंत उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए, जबकि जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, जो क्षेत्र छोड़ चुके हैं अथवा अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं, उनका भी नियमानुसार सत्यापन किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा, गांव मजबूत होगा तो विधानसभा मजबूत होगी और प्रदेश में जेजेपी की सरकार बनेगी। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आए दिन हत्या, रंगदारी, लूट और गैंगवार की घटनाएं सामने आ रही हैं। व्यापारियों में भय का माहौल है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के बजाय अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि हरियाणा की कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी भारत में गैंगस्टरों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जता रही हैं तो यह प्रदेश सरकार की विफलता को दर्शाता है। मनसा देवी और शीतला माता साइन बोर्ड का हो ऑडिट पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को माता मनसा देवी साइन बोर्ड तथा गुरुग्राम स्थित शीतला माता साइन बोर्ड का स्वतंत्र ऑडिट करवाकर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये संस्थान लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं, इसलिए इनके आय-व्यय और प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। एसीबी मामलों पर भी मांगा श्वेत पत्र दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार “खर्ची नहीं, पर्ची नहीं” का दावा करती है, लेकिन पिछले दस वर्षों में एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा अनेक अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार यह बताए कि इन मामलों में विभागीय और न्यायिक स्तर पर क्या कार्रवाई हुई। इसके लिए सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। पेयजल समस्या पर भी उठाए सवाल उन्होंने चैनत गांव सहित क्षेत्र की पेयजल समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से 14 गांवों तक नहरी पानी पहुंचाने की योजना लागू की गई थी। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में आज भी पेयजल संकट बना हुआ है, वहां सरकार को शीघ्र समाधान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन दे रही है। कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम बनाकर जनता की समस्याओं को उठाएं और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी चुनावों में जेजेपी मजबूती के साथ सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि उकलाना विधानसभा की बैठक में 204 बीएलए-2 सदस्यों में से 190 की उपस्थिति संगठन की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 9 दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस पर होने वाला विशाल कार्यक्रम संगठन की ताकत को प्रदेशभर में प्रदर्शित करेगा। इस अवसर पर जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया, हलका अध्यक्ष नरेश पूनिया, कैप्टन छज्जूराम, बबलू गोदारा, गुरुशरण भंगू, सुमन श्योराण, जितेंद्र श्योराण, तरुण गोयल, रवि आहूजा, रोहताश कंडूल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें