यमुनानगर के रादौर की डेहा बस्ती में नगरपालिका की कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को स्थानीय लोगों का विरोध खुलकर सामने आया। आशियाना बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले डेहा बस्ती छोटाबांस के लोगों ने प्रदर्शन किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम नरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपने घर बचाने तथा प्रभावित परिवारों को दोबारा बसाने की मांग उठाई। प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में नगरपालिका ने 130 कब्जाधारियों को सात दिन के भीतर जमीन खाली करने के नोटिस जारी किए हैं और बस्ती में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने प्यारेलाल तंवर के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम नरेंद्र सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। दशकों से रह रहे हैं, सभी सरकारी दस्तावेज भी हैं प्रदर्शनकारियों ने कहा कि डेहा बस्ती छोटाबांस में कई परिवार दशकों से रह रहे हैं। उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र समेत अन्य सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद नगरपालिका द्वारा उनके मकान गिरा दिए गए, जिससे अनेक परिवार बेघर हो गए हैं। समिति ने मांग की कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें दोबारा बसाया जाए। जिन लोगों का सामान कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुआ है, उसकी भरपाई की जाए और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए। इसके अलावा बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों तथा जरूरतमंद परिवारों के रोजगार और आजीविका की भी व्यवस्था की जाए। 130 लोगों को नोटिस, आगे भी चलेगी कार्रवाई नगरपालिका ने दो जुलाई को पुलिस बल की मौजूदगी में डेहा बस्ती पहुंचकर 130 कब्जाधारियों को सात दिन के भीतर भूमि खाली करने के नोटिस जारी किए थे। कई मकानों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए, जबकि बंद पड़े मकानों पर भी नोटिस लगा दिए गए। पुलिस पर पथराव के बाद चर्चा में आई थी डेहा बस्ती डेहा बस्ती पिछले कुछ सप्ताह से लगातार सुर्खियों में रही है। 16 जून को पुलिस एक नशा तस्कर को हिरासत में लेकर जा रही थी, तभी बस्ती के कुछ लोगों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस टीम पर पथराव किया गया, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई। हमलावर आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। अब तक एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के चार दिन बाद 20 जून को नगरपालिका ने बुलडोजर चलाकर नगरपालिका भूमि पर बने 100 से अधिक अस्थायी कब्जों को हटाया था। अब 130 लोगों को नोटिस जारी होने के बाद बस्ती में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
Source link
