डबवाली और ऐलनाबाद से ट्रैक्टर लोन फर्जीवाड़ा मामले में आरोपी को पुलिस ने किया काबू
सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर लोन के नाम पर करीब 1.50 करोड़ रुपए की बड़ी ठगी का मामला में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि एक फाइनेंसर और उसके साथियों ने मिलकर यह पूरा फर्जीवाड़ा किया, जिसमें भोले-भाले लोग
.
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मजदूर वर्ग के लोगों के नाम पर फर्जी कागजात तैयार किए और विभिन्न एजेंसियों से कुल 32 ट्रैक्टर निकलवाए। इनमें से 3 ट्रैक्टर ऐलनाबाद की सतगुरु ऑटोमोबाइल्स एजेंसी से और 29 ट्रैक्टर डबवाली क्षेत्र की अलग-अलग एजेंसियों से लिए गए थे।
इन ट्रैक्टरों को बाद में अवैध रूप से बेच दिया गया और लोन संबंधित लोगों के नाम पर ही चढ़ा दिया गया। जब किस्तें जमा नहीं हुईं तो पीड़ितों के पास बैंक और फाइनेंस कंपनी के फोन आने लगे, जिसके बाद पूरे घोटाले का खुलासा हुआ।

न्यू होलेंड ट्रैक्टर। (फाइल फोटो)
एक आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर पूछताछ
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी कुलदीप सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उससे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और ट्रैक्टरों के ठिकानों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा सीआईए टीम ने ऐलनाबाद से दो ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है कि वे किस तरह फर्जी तरीके से बेचे गए।
गिरोह का सरगना पहले ही गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना डबवाली के रिसालिया खेड़ा निवासी सूर्या प्रकाश है, जो फाइनेंस कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने पद का दुरुपयोग कर इस पूरी योजना को अंजाम दिया।
सूर्या प्रकाश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी ब्रह्मपाल फिलहाल अग्रिम जमानत पर है।
शिकायत से हुआ बड़ा खुलासा
हिसार निवासी जसवीर सिंह की शिकायत पर यह मामला सामने आया था। जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के नाम पर ट्रैक्टर लोन पास करवाकर करोड़ों रुपए का घोटाला किया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही बाकी फरार ट्रैक्टरों और शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है और कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।







