डीडवाना जिले में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। मंगलवार सुबह जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इस बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। सुबह अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई रबी की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर फसल कटाई का कार्य चल रहा था, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खुले में रखी फसल हुई खराब
वर्तमान में डीडवाना जिले में रबी फसल की कटाई अंतिम चरण में है और किसान अपनी फसल को वेयरहाउस तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे में मौसम के इस अचानक बदलाव ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खुले में रखी फसल के खराब होने का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम में और बदलाव की संभावना जताई है। आसमान में बादलों की लगातार आवाजाही बनी हुई है, जिससे किसानों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
Source link
डीडवाना में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम:सुबह हुई झमाझम बारिश, किसानों की चिंता बढ़ी
