मोहाली में डिंपल खत्री की हत्या के विरोध में पटियाला में एक रोष प्रदर्शन और मार्च निकाला गया। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने डिंपल खत्री के लिए न्याय और दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान डिंपल खत्री के परिजनों ने प्रशासन से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाने की मांग की। उनका कहना था कि आरोपी को ऐसी सख्त सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी निर्दोष लड़की के साथ ऐसा जघन्य अपराध करने की हिम्मत न कर सके। भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष रही मौजूद इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा पंजाब की अध्यक्ष बीबा जय इंद्र कौर, शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अमित सिंह राठी, कांग्रेस नेता नरेश दुग्गल और पूर्व एडीजीपी गुरिंदर पाल सिंह ढिल्लों सहित कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। डिंपल की मासी की बेटी सुचेता ने भावुक होकर कहा कि उनके परिवार को अपनी बेटी के लिए इंसाफ चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक आरोपी को फांसी की सजा नहीं मिल जाती। परिवार न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेगा। प्रदर्शन में विशेष तौर पर पहुंचे एसपी सिटी पलविंदर सिंह ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया। SP सिटी बोले- परिजनों से ज्ञापन सौंपा उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस कानून के दायरे में रहकर मामले से जुड़े सभी तथ्यों को मजबूती से पेश करेगी और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी। एसपी सिटी ने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग संबंधी एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन केवल कानून के अनुसार ही कार्रवाई कर सकता है। कानूनी प्रक्रिया के तहत जो भी आदेश प्राप्त होंगे, उसी के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अंत में कहा कि पुलिस और प्रशासन इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं। डिंपल को इंसाफ दिलाने के लिए कानून के तहत हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
Source link
डिंपल खत्री हत्याकांड पर पटियाला में रोष मार्च:फास्ट ट्रैक सुनवाई और आरोपी को फांसी देने की उठी मांग
