अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की डबवाली इकाई ने अपने 78वें स्थापना दिवस और राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एक अभ्युदय नामक संगोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान डबवाली नगर इकाई की घोषणा भी की गई। यह आयोजन डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, डबवाली, सिरसा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार जोशी मुख्य अतिथि रहे। समाजसेवी विजयंत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रम बंसल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अभाविप के एग्रीविजन के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवम पांडे की विशेष उपस्थिति दर्ज की गई। युवाओं से चरित्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और चरित्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को सही मार्गदर्शन और सशक्त चरित्र के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार जोशी ने वर्तमान में बढ़ते स्क्रीन टाइम पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अपने समय का सदुपयोग अध्ययन, खेल, सामाजिक गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रहित के कार्यों में करने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि स्क्रीन के बाहर भी सीखने, नेतृत्व विकसित करने और समाज के लिए कार्य करने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। अभाविप की नगर इकाई की घोषणा नवगठित नगर इकाई में डॉ. सुनील जोशी को नगर अध्यक्ष, मोहित बिश्नोई को नगर मंत्री, साहिल स्वामी को नगर सह मंत्री, खुशप्रीत को नगर कार्यालय मंत्री, करण सिंह को सोशल मीडिया संयोजक, गोपाल कुमार को एसएफडी संयोजक, जितेंद्र सिंह को एसएफएस संयोजक, निपला को आरकेएम संयोजक, रूपा को खेलो भारत संयोजक तथा विजय कुमार, जगमीत सिंह एवं अभिषेक कुमार को नगर कार्यकारिणी सदस्य घोषित किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया तथा संगठन की ओर से उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं। अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई नगर इकाई विद्यार्थी हित, समाज हित एवं राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी। कार्यक्रम के अंत में अभाविप पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के आदर्श “ज्ञानशीलएकता” को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया
Source link
डबवाली में मनाया गया अभाविप का स्थापना दिवस:नगर इकाई की घोषणा, सुनील जोशी अध्यक्ष बने, मोहित बिश्नोई को मंत्री की जिम्मेदारी
