![]()
फतेहाबाद के टोहाना में बुधवार को एक हरियाणा रोडवेज की बस खनौरा रेलवे अंडरपास में जलभराव के कारण फंस गई। यह बस चंडीगढ़ से फतेहाबाद जा रही थी और इसमें 55 से 60 यात्री सवार थे। पानी अधिक होने के कारण बस को अंडरपास से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस खनौरा रेलवे अंडरपास से गुजर रही थी, तभी अंडरपास के नीचे भारी जलभराव के कारण वह अचानक बंद हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस ड्राइवर रणजीत सिंह ने स्थानीय लोगों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही खनौरा के सरपंच जगसीर सिंह और गांव के लगभग 10-12 प्रमुख व्यक्ति मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों की मदद करते हुए बस को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। बारिश के बाद अंडरपास में भर जाता है पानी स्थानीय लोगों ने एक ट्रैक्टर की सहायता से रोडवेज बस को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद बस को अंडरपास से बाहर निकाला जा सका। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को असुविधा हुई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद इस रेलवे अंडरपास में अक्सर पानी जमा हो जाता है, जिससे वाहन ड्राइवरों और यात्रियों को लगातार परेशानी होती है। जलभराव के कारण बड़े वाहनों के फंसने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अंडरपास में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
Source link







