spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

झज्जर विजय सैनी हत्याकांड के आरोपी इंद्रपाल का एनकाउंटर:दुजाना में वारदात की फिराक में होने का था इनपुट, गांव की घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़




झज्जर विजय सैनी हत्याकांड में शामिल और मुख्य आरोपी संजय बिरधाना के सबसे करीबी सहयोगी माने जाने वाले बदमाश इंद्रपाल को झज्जर पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने दुजाना गांव के पास हुई मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार इंद्रपाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा था। उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया। मुठभेड़ में STF इंस्पेक्टर राकेश के हाथ में गोली लगी, जबकि एक अन्य जवान की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली। यह वही इंद्रपाल था, जिसे पुलिस विजय सैनी हत्याकांड का सक्रिय आरोपी मान रही थी। इतना ही नहीं, फाग की रात संजय बिरधाना द्वारा अपनी पत्नी अंजली की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में भी उसकी भूमिका सामने आई थी। पुलिस का दावा है कि संजय बिरधाना की लगभग हर बड़ी आपराधिक वारदात में इंद्रपाल उसका साथ देता था। पहले से था इनपुट, गांव को चारों तरफ से घेरा पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि पुलिस को पहले से खुफिया सूचना मिल चुकी थी कि इंद्रपाल दुजाना गांव और आसपास के इलाके में मौजूद है तथा किसी वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही STF और लोकल पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। गांव के चारों ओर सिविल और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की तैनाती कर नाकेबंदी की गई। आने-जाने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी गई ताकि आरोपी किसी भी स्थिति में भाग न सके। भास्कर टीम मौके पर: एनकाउंटर से पहले दिखी थी बड़ी कार्रवाई की तैयारी दैनिक भास्कर की टीम एनकाउंटर से करीब 20 मिनट पहले दुजाना गांव पहुंची थी। गांव के चारों तरफ अचानक बढ़ी पुलिस गतिविधियों और लगाए गए नाकों को देखकर टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की। ग्रामीण भी एकदम से बढ़ी पुलिस तैनाती को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसके बाद भास्कर टीम ने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से गांव में अचानक नाकेबंदी और सुरक्षा बढ़ाए जाने का कारण जानने का प्रयास किया। हालांकि उस समय पुलिस ने ऑपरेशन की गोपनीयता का हवाला देते हुए कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की थी। इसी दौरान गांव के चारों ओर पुलिस की असामान्य गतिविधियां लगातार बढ़ती दिखाई दीं। बाद में पता चला कि पुलिस को पहले से इंद्रपाल के इलाके में होने की सूचना मिल चुकी थी और उसी इनपुट के आधार पर पूरे गांव की घेराबंदी की गई थी। भास्कर टीम द्वारा पुलिस नाकों और बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के कुछ ही समय बाद दुजाना गांव में STF और पुलिस की बदमाश इंद्रपाल से मुठभेड़ की सूचना सामने आ गई। इतना ही नहीं, मुठभेड़ से करीब आधा घंटा पहले भास्कर टीम विजय सैनी के बेटे सुनील सैनी के घर पहुंची थी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत की थी। खेत के पास हुआ सामना, पुलिस पर बरसाईं गोलियां STF के इंचार्ज बी. सतीश बालन ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान एक खेत के पास टीम का सामना इंद्रपाल से हुआ। पुलिस ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने हथियार डालने के बजाय पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली STF इंस्पेक्टर राकेश के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। दूसरी गोली एक पुलिस जवान की छाती में लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण उसकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। रोहतक का रहने वाला था इंद्रपाल, कई मुकदमे दर्ज मृतक इंद्रपाल रोहतक जिले के कसरैटी गांव का निवासी था। वह शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था। शुरुआती दिनों में वह अपने भाई के साथ फाइनेंस पर ली गई बाइक और गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करता था, लेकिन बाद में उसकी नजदीकियां संजय बिरधाना से बढ़ गईं और वह अपराध की दुनिया में उतर गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर हत्या सहित करीब चार आपराधिक मामले दर्ज थे। झज्जर सदर थाना में 2 फरवरी 2025 को भी उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्यमंत्री की रैली से पहले पुलिस की बड़ी उपलब्धि 17 जून को बादली हल्के में मुख्यमंत्री नायब सैनी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उससे ठीक पहले विजय सैनी हत्याकांड में शामिल एक बड़े आरोपी का एनकाउंटर पुलिस और STF के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। देर रात STF हरियाणा के इंचार्ज बी. सतीश बालन भी नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायल इंस्पेक्टर राकेश का हालचाल जाना। उन्होंने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने अच्छा काम किया है, लेकिन असली सफलता तब मानी जाएगी जब मुख्य आरोपी संजय बिरधाना भी गिरफ्तार होगा। अब भी फरार है मुख्य आरोपी संजय बिरधाना इंद्रपाल के एनकाउंटर के बावजूद विजय सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी संजय बिरधाना अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं विजय सैनी के बेटे सुनील सैनी ने कहा कि परिवार को तब तक पूरा न्याय नहीं मिलेगा, जब तक संजय बिरधाना गिरफ्तार नहीं हो जाता। उन्होंने मुख्य आरोपी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles