![]()
झज्जर बहुचर्चित डबल मर्डर केस में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। वारदात के महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने के बाद अब स्पेशल स्टाफ ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर प्रदेश के मेरठ से पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस उससे हत्या की साजिश, वारदात में निभाई गई भूमिका, इस्तेमाल किए गए हथियारों और फरार आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ करेगी। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ लगातार इस हाई-प्रोफाइल केस की कड़ियां जोड़ने में जुटा है। बता दे 5 जुलाई को सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के सामने कामिल और इरशाद की हत्या कर शव फेके गए थे। मेरठ से दबोचा गया तीसरा आरोपी स्पेशल स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक मोहित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले में फरार चल रहे सिकंदर निवासी गुलिस्तान गार्डन, मेरठ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को झज्जर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड में खुलेंगे कई अहम राज जांच अधिकारियों का मानना है कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसने रची, वारदात की प्लानिंग कैसे हुई, घटना में कौन-कौन शामिल था और वारदात के बाद आरोपी कहां-कहां छिपे रहे। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी रिमांड का प्रमुख उद्देश्य रहेगी। 48 घंटे में हुआ था सनसनीखेज केस का खुलासा यह मामला सामने आने के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, मानवीय सूचना और लगातार छापेमारी के आधार पर महज 48 घंटे के भीतर डबल मर्डर की गुत्थी सुलझा दी थी। शुरुआती कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि तीसरा आरोपी फरार चल रहा था। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश पुलिस की कई टीमें अभी भी फरार आरोपियों की तलाश में हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक और फोरेंसिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि जांच पूरी तरह तथ्यात्मक और मजबूत बनाई जा सके। पुलिस का साफ संदेश—कोई नहीं बचेगा झज्जर पुलिस का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरी साजिश से पर्दा उठा दिया जाएगा।
Source link
झज्जर डबल मर्डर केस में पुलिस का एक्शन जारी:तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के रिमांड पर; अब साजिश और फरार आरोपियों पर फोकस







