जींद जिले के सफीदों में वार्ड नंबर 3 में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने उसको गली में सरेराह रोककर उसकी छाती, पेट और हाथों पर चाकू से कई वार किए। घायल युवक को गंभीर हालत में पहले पीजीआई रोहतक और फिर सफीदों के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में रविदास मोहल्ला निवासी आजाद सिंह (22) ने बताया कि वह अक्सर बीमार रहने के कारण घर पर ही रहता है। 1 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे वह खाना खाने के बाद गली में टहलने निकला था। जब वह चौहान के मकान के पास पहुंचा, तो वहीं के रहने वाले सुरेंद्र नामक व्यक्ति ने उसे घेर लिया। सुरेंद्र ने आते ही आजाद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा
जान बचाने के लिए जब आजाद भागने लगा, तो आरोपी सुरेंद्र ने उसे पकड़कर गली में गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। आजाद के चिल्लाने पर जब परिवार के सदस्य और आस-पड़ोस के लोग मौके की तरफ दौड़े, तो आरोपी चाकू लहराता हुआ वहां से भाग निकला। भागते समय आरोपी ने धमकी दी कि ‘या तो तू इस चोट से मर जाएगा, नहीं तो जेल से छूटते ही तुझे दोबारा मार दूंगा।’ क्या है हमले की वजह?
पीड़ित आजाद सिंह के मुताबिक, आरोपी सुरेंद्र के बेटे नवीन ने पहले उनके खिलाफ सफीदों शहर थाने में एक मुकदमा दर्ज करवाया हुआ है। इस मामले में आजाद फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ है। इसी मुकदमे की रंजिश रखते हुए सुरेंद्र ने मौका पाकर आजाद को जान से मारने की नीयत से यह हमला किया। शरीर पर मिले चाकू के 5 गहरे घाव
घायल आजाद को पहले सफीदों के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के कारण उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। रोहतक से छुट्टी मिलने के बाद जब दोबारा तबीयत बिगड़ी, तो उसे सफीदों के अनुज अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के अनुसार, आजाद के शरीर पर कुल 6 चोटें आई हैं, जिनमें से 5 चोटें चाकू जैसे नुकीले हथियार से मारी गई हैं। सफीदों शहर थाना पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (SI) नरेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (जान से मारने का प्रयास), 115(2), 126(2) और 351(2) के तहत मुकदमा नंबर 98 दर्ज कर लिया है। सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके का मुआयना करने के लिए सूचित किया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
Source link
जींद में जमानत पर आए युवक पर चाकू से हमला:रात को खाना खाकर टहलने निकला था; शरीर पर मिले पांच घाव
