प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को प्रस्तावित रैली के लिए जींद में प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव (CPS) राजेश खुल्लर ने एकलव्य स्टेडियम स्थित रैली स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। खुल्लर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और तैयारियों में मिली मामूली कमियों को तुरंत दूर करने के आदेश दिए। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में राजेश खुल्लर ने प्रशासनिक अमले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने बेहतरीन काम किया है और वे लगातार मेहनत कर रहे हैं। खुल्लर ने अधिकारियों से 17 जुलाई के कार्यक्रम के सफल समापन तक कम सोने और उसके बाद आराम करने का आग्रह किया। ‘जनता की सुविधाओं का ख्याल रखना सर्वोच्च प्राथमिकता’ मुख्य प्रधान सचिव ने बताया कि रैली में आने वाली आम जनता की सुविधाओं का ख्याल रखना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मौसम को देखते हुए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। खुल्लर ने कहा कि अधिकारियों ने मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पूरी सतर्कता से काम किया है। उन्होंने पीने के पानी की कमी न होने, महिलाओं के लिए धूप से बचाव हेतु छाया और सिर ढकने के लिए चुन्नियों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसी को असुविधा न हो। ‘सुरक्षा एजेंसियां अपना काम पूरी मुस्तैदी से कर रही’ जब पत्रकारों ने पंजाब, चंडीगढ़ और इस रैली को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिल रही धमकियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल किया, तो मुख्य प्रधान सचिव ने बेहद संजीदगी और गंभीरता से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “जब भी देश के प्रधानमंत्री जी का दौरा होता है, तो सुरक्षा व्यवस्था हमेशा तय मानकों और गाइडलाइंस के अनुरूप बेहद उच्च स्तर की ही होती है।” धमकी कहां से और किस माध्यम से आई, इस सवाल पर उन्होंने किसी भी तरह की अनावश्यक बयानबाजी से बचते हुए कहा, “इस विषय पर कोई टिप्पणी न ही की जाए तो बेहतर है। सुरक्षा एजेंसियां अपना काम पूरी मुस्तैदी से कर रही हैं।
Source link
जींद पहुंचे प्रधान सचिव राजेश खुल्लर:पीएम मोदी की रैली की तैयारियों का जायजा लिया, अधिकारियों को दिए निर्देश
