Related Posts

जगराओं में नकाबपोश चोरों ने बाइक चुराई:25 सेकेंड में खोला लॉक, मालिक घर से निकले तो गायब मिली; CCTV में कैद घटना




जगराओं में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दो नकाबपोश चोरों ने आज महज 25 सेकेंड में एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना जगराओं के मोहल्ला गुरु तेग बहादुर में हुई। कृष्णा इलेक्ट्रिक के संचालक विजय कुमार की बाइक उनके घर के बाहर खड़ी थी। बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश चोरों ने गली में खड़ी बाइक को निशाना बनाया। पीछे बैठे चोर ने मास्टर चाबी की मदद से महज 25 सेकेंड में बाइक का लॉक खोल दिया। उसने बाइक स्टार्ट की और अपने साथी के साथ उसी रास्ते से फरार हो गया। घर से बाहर निकले तो उन्हें बाइक गायब मिली बाइक मालिक विजय कुमार जब काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकले तो उन्हें बाइक गायब मिली। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें चोरी की पूरी वारदात साफ तौर पर कैद थी। पुलिस ने लिखित शिकायत तक नहीं ली पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि बाइक चोरी होने के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने थाना सिटी पहुंचे तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने यह कहकर उन्हें वापस भेज दिया कि “साहिब नहीं हैं, बाद में आना।”पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने मामला दर्ज करना तो दूर, उनकी लिखित शिकायत तक नहीं ली और न ही उनकी बात को गंभीरता से सुना। इसके बाद वह निराश होकर थाने से लौट आए। पुलिस का ऐसा रवैया लोगों का भरोसा कमजोर कर रहा पीड़ित ने कहा कि एक ओर शहर में लगातार चोरी और लूटपाट की वारदातें बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस का ऐसा रवैया लोगों का भरोसा कमजोर कर रहा है। उन्होंने मांग की कि उनकी शिकायत दर्ज कर जल्द से जल्द बाइक बरामद की जाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। जगह-जगह नाकेबंदी और 24 घंटे गश्त के दावे दो दिन पहले ही शहर के एक निजी अस्पताल में 5-6 हथियारबंद बदमाशों ने डॉक्टर विजय चौपड़ा को पिस्तौल की नोक पर बंधक बनाकर लाखों रुपए की नकदी और अन्य सामान लूट लिया था। इस घटना के बाद पुलिस ने शहर में जगह-जगह नाकेबंदी और 24 घंटे गश्त के दावे किए थे। इसके बावजूद बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर घूम रहे चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस की निगरानी से बच निकल रहे हैं। लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं से शहरवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की सख्ती से जांच करने और अपराधियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें