Related Posts

चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की आज होने वाली बैठक स्थगित:13 हजार डिफॉल्टरों को राहत का इंतजार, ₹52 करोड़ बकाया वसूली पर फैसला लटका




चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) के करीब 13 हजार डिफॉल्टर आवंटियों को राहत मिलने की उम्मीदों को झटका लगा है। आज होने वाली बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की महत्वपूर्ण बैठक स्थगित कर दी गई। इस बैठक में डिफॉल्टर आवंटियों को बकाया किराया एकमुश्त जमा करने की बजाय किस्तों में भुगतान की सुविधा देने सहित कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी, लेकिन बैठक टलने से सभी फैसले फिलहाल अधर में लटक गए हैं। CHB आंकड़ों के अनुसार छोटे फ्लैट योजना और अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग कॉम्प्लेक्स (ARHC) के लगभग 13 हजार आवंटियों पर करीब 52 करोड़ रुपए का बकाया है। इसमें करीब 25 करोड़ रुपए मूल किराया और 27 करोड़ रुपए ब्याज राशि शामिल है। बोर्ड की प्रस्तावित योजना के तहत डिफॉल्टरों को बड़ी राहत देते हुए ब्याज में छूट और आसान किस्तों में भुगतान का विकल्प देने पर विचार किया जाना था, ताकि लंबे समय से लंबित बकाया राशि की वसूली हो सके। 90 परिवारों की चिंता भी बढ़ गई बैठक के स्थगित होने से उन करीब 90 परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है, जिनके फ्लैटों का आवंटन किराया जमा न करने के कारण रद्द किया जा चुका है। हाउसिंग बोर्ड ने इन परिवारों को मकान खाली करने के नोटिस भी जारी किए हुए हैं। प्रभावित परिवारों को उम्मीद थी कि बैठक में उनके पक्ष में कोई राहत भरा फैसला लिया जाएगा, लेकिन अब उन्हें अगली बैठक का इंतजार करना होगा। नीड-बेस्ड चेंजेज को नियमित करने का प्रस्ताव अटका बैठक के एजेंडे में केवल डिफॉल्टरों का मुद्दा ही नहीं था, बल्कि कई अन्य महत्वपूर्ण विषय भी शामिल थे। इनमें नीड-बेस्ड चेंजेज को नियमित करने का प्रस्ताव, हाउसिंग बोर्ड की खाली जमीनों पर हाईराइज आवासीय परियोजनाओं का विकास, आईटी पार्क क्षेत्र के विस्तार और चंडीगढ़ मास्टर प्लान-2031 में प्रस्तावित संशोधनों पर चर्चा शामिल थी। बैठक टलने से इन सभी मामलों पर निर्णय भी आगे खिसक गया है। नई तारीख जल्द तय की जाएगी CHB रेजिडेंट्स वेलफेयर फेडरेशन के चेयरमैन निर्मल दत्त ने उम्मीद जताई है कि अगली बैठक में लंबित मामलों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। वहीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य शक्ति देवशाली ने कहा कि नई तारीख जल्द तय की जाएगी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद आवंटियों के हित में उचित फैसले लिए जाएंगे। फिलहाल हजारों डिफॉल्टर आवंटी और बेदखली नोटिस झेल रहे परिवार CHB की अगली बैठक की तारीख का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि उसी बैठक में उनके भविष्य से जुड़े अहम फैसले होने की संभावना है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें