चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा में शराब के नशे में अपने सगे भाई की चाकू मारकर हत्या करने वाले अजय को जिला अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। करीब तीन साल पुराने इस चर्चित मामले में अदालत ने सबूतों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराते हुए जीवनभर कारावास की सजा सुनाई। वारदात में आरोपी ने अपने दोनों भाइयों और मां पर भी चाकू से हमला किया था, जिसमें एक भाई की मौत हो गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य पेश किए। सभी साक्ष्यों पर विचार करने के बाद जिला अदालत ने अजय को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत के फैसले के बाद अब दोषी को जीवनभर जेल में रहना होगा। नशे में चाकू से भाई-मां पर हमला यह घटना नवंबर 2023 में सेक्टर-38 स्थित डड्डूमाजरा में हुई थी। पुलिस के अनुसार वारदात वाली रात आरोपी अजय शराब के नशे में घर पहुंचा और परिवार के सदस्यों से झगड़ा करने लगा। उसने अपनी मां के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। विवाद बढ़ने पर दोनों भाई उसे शांत कराने पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी कमानीदार चाकू लेकर वापस आया और अपने बड़े भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई पर भी उसने कई वार किए। मां ने दोनों बेटों को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक भाई ने दम तोड़ दिया, जबकि मां और दूसरे भाई का इलाज चला। वारदात के बाद छत से कूदने की दी थी धमकी हमले के बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मलोया थाना पुलिस ने उसे काबू कर लिया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच में सामने आया था कि आरोपी पहले सेक्टर-22 में फड़ी लगाता था, लेकिन पिछले कई वर्षों से कोई काम नहीं कर रहा था। वह शराब पीने का आदी था और उसके व्यवहार के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी थी। आरोपी के दो बच्चे हैं। ये था मामला वारदात करवाचौथ की रात करीब नौ बजे की थी। बड़ा भाई अनिल अपनी पत्नी के साथ घर की छत पर था। इसी दौरान अजय का परिवार के साथ विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर छोटे भाई राहुल के बीच-बचाव से मामला शांत हो गया। करीब 15 से 20 मिनट बाद अजय कमानीदार चाकू लेकर नीचे आया और बड़े भाई अनिल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। राहुल बचाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया। दोनों बेटों को बचाने पहुंची मां भी चाकू के हमले में घायल हो गईं। पड़ोसियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।
Source link
