![]()
चंडीगढ़ सेक्टर-28 में वीरवार को सड़क पार कर रही एक महिला और उसके बेटे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घायल महिला की पहचान 32 वर्षीय दीपा के रूप में हुई है। वह अपने बेटे दिव्यांश ठाकुर को स्कूल से लेने गई थी। दिव्यांश सेक्टर-28 के एक निजी स्कूल में पढ़ता है। छुट्टी के बाद मां-बेटा घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब दोनों सड़क पार कर रहे थे, तभी दूसरी ओर से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। चालक मौके से नहीं भागा हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से नहीं भागा। उसने अपनी कार रोकी और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महिला और उसके बेटे को तुरंत अपनी कार में बैठाकर सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू किया और आवश्यक जांच की। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है और फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर दोनों का हाल जाना। महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला के बयान के बाद होगी कार्रवाई सेक्टर-26 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम रतन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने कार चालक से पूछताछ की और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी। घायल महिला को सिर और शरीर पर चोटें आने के कारण वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अभी उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। इंस्पेक्टर राम रतन ने बताया कि जैसे ही महिला की तबीयत में सुधार होगा, पुलिस उसके बयान दर्ज करेगी। इसके बाद मौके से मिले सबूत और जांच के आधार पर हादसे की वजह पता लगाई जाएगी। यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कार और चालक को अपनी निगरानी में ले लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने या किसी अन्य कारण से हुआ।
Source link
चंडीगढ़ में मां-बेटे को कार ने मारी टक्कर:स्कूल से बेटे को लेकर आ रही थी, चालक मौके से नहीं भागा, खुद पहुंचाया अस्पताल







