चंडीगढ़ सेक्टर-56 में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डंडे और चाकू भी बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस ने एफआईआर नंबर 96, दिनांक 4 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पार्क में मनाया जा रहा था जन्मदिन मामला सेक्टर-56 स्थित चार मंजिला मकानों के पीछे बने पार्क का है। शिकायतकर्ता रोहित निवासी सेक्टर-56 ने पुलिस को बताया कि 3 जून की रात वह अपने साले का जन्मदिन मना रहा था। रात करीब 10 बजे शिवा, कृष, ऋषि, पीके और उनके 10 से 12 अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी युवक हथियारों से लैस थे और आते ही उन्होंने पार्टी में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू, गंडासी और डंडों का इस्तेमाल किया। शिकायत के अनुसार जब रिकी नामक युवक बीच-बचाव करने आया तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू और गंडासी से हमला कर दिया। हमले में रिकी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल रिकी को तुरंत सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एक नाबालिग समेत 9 आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया और आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु उर्फ विशाल, उदय, जसबीर सिंह उर्फ संघा, हरप्रीत सिंह उर्फ शिवा, तुषार, सचिन, कृष और हरप्रीत सिंह उर्फ हरमन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी चंडीगढ़ के विभिन्न सेक्टरों के निवासी हैं और घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। शिवा के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं कई मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ शिवा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ शिवा और कृष को अदालत में पेश किया। अदालत से दोनों का एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की साजिश कैसे बनाई गई, घटना में और कौन-कौन शामिल था तथा इस्तेमाल किए गए हथियार कहां से लाए गए थे।
Source link
