Related Posts

चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक 29 और 31 जुलाई को:पार्किंग रेट और पानी बिलों पर हंगामा तय, AAP-कांग्रेस घेरने की तैयारी में




चंडीगढ़ नगर निगम सदन की आगामी बैठक को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर निगम प्रशासन ने बैठक का औपचारिक नोटिस जारी कर दिया है। FCC की बैठक 29 और सदन की 31 जुलाई को होगी। शहर के विकास, वित्तीय मामलों और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर इस दौरान चर्चा होगी। बैठक के हंगामेदार रहने के आसार हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा और मेयर को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार की है। वहीं, भाजपा भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है। पार्किंग के फ्लैट रेट पर सबसे ज्यादा घमासान बैठक में पार्किंग शुल्क का मुद्दा सबसे अहम रहने की संभावना है। निगम अधिकारियों का तर्क है कि प्रति घंटे के आधार पर पार्किंग शुल्क लागू होने से पार्किंग स्थलों का बेहतर इस्तेमाल होगा और लंबे समय तक वाहन खड़े रखने की समस्या पर रोक लगेगी। हालांकि, विपक्षी पार्षद पहले से ही प्रति घंटे शुल्क का विरोध करते रहे हैं। AAP और कांग्रेस की मांग है कि लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न डाला जाए और पार्किंग में फ्लैट रेट व्यवस्था ही लागू रखी जाए। इस मुद्दे पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। पानी के बिलों और स्मार्ट वाटर मैनेजमेंट पर भी चर्चा पानी के शुल्क और बिलिंग सिस्टम से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा का प्रमुख मुद्दा बन सकते हैं। पानी की दरों, बिलों और स्मार्ट वाटर सप्लाई सिस्टम को लेकर विपक्ष आक्रामक रुख अपना सकता है। विपक्ष का कहना है कि शहरवासियों को पानी की बेहतर सुविधा देने के साथ-साथ बिलों को लेकर भी स्पष्टता और राहत मिलनी चाहिए। स्मार्ट मीटर और पानी की दरों को लेकर भी पार्षद सवाल उठा सकते हैं। विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्ताव एजेंडे में सदन की बैठक में शहर के विकास और प्रशासनिक मंजूरियों से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। इनमें सड़क निर्माण और रखरखाव, सीवरेज व ड्रेनेज सिस्टम में सुधार, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव, स्मार्ट मीटर, निगम कर्मचारियों से जुड़ी प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरियां शामिल हैं। इसके अलावा वार्डों में लंबित विकास कार्यों और पेड़ों की छंटाई से जुड़े मुद्दे भी सदन में उठ सकते हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर भी विपक्ष घेर सकता है AAP और कांग्रेस शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी भाजपा और मेयर को घेरने की तैयारी में हैं। विपक्षी पार्षदों का आरोप है कि कई इलाकों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और विकास कार्य भी धीमी गति से चल रहे हैं। विपक्ष सदन में पानी के बिल, स्मार्ट मीटर, सफाई व्यवस्था और लंबित विकास कार्यों को लेकर नगर निगम प्रशासन से जवाब मांग सकता है। भाजपा भी विपक्ष के आरोपों का देगी जवाब सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से शहर में चल रहे विकास कार्यों और निगम की उपलब्धियों को सामने रखकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी है। भाजपा पार्षदों का प्रयास रहेगा कि सदन में विकास कार्यों की गति और नगर निगम की योजनाओं को प्रमुखता से रखा जाए।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें