Related Posts

चंडीगढ़ के 4 कांवड़ियों की हरिद्वार में मौत:नहर में नहाने उतरे थे, एक को बचाने के चक्कर में सब डूबे




चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की शुक्रवार को हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। वह ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास नहर में नहाने रहे थे। इस दौरान एक युवक को डूबता देख उसे बचाने के लिए तीन अन्य साथी भी नहर में उतर गए। लेकिन तेज बहाव की चपेट में आने से चारों की जान चली गई। पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों युवकों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सभी शवों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नीतीश, भरत, रोहित के नाम से हुई, जो सेक्टर-26 के रहने वाले थे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। दोस्त को बचाने नदी में कूदे 3 युवक चंडीगढ़ से आए कांवड़ियों के दल में से एक युवक नहाते वक्त अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। उसे डूबता देख बचाने के लिए उसके तीन दोस्त भी तुरंत पानी में कूद पड़े, लेकिन नदी की गहराई और दलदली तल के कारण चारों ही खुद को संभाल नहीं पाए और तेज धारा में बह गए। SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां कोई सुरक्षित स्नान घाट नहीं था और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। नीचे का तल कीचड़युक्त होने की वजह से वे दलदल में फंस गए। फिलहाल चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है। चंडीगढ़ से कांवड़ लेने आए 20 दोस्त जिला अस्पताल पहुंचे कांवड़िये साहिल (24) ने बताया कि उनके ग्रुप में करीब 20 कांवड़िये गंगाजल लेने हरिद्वार आए थे। हरकी पैड़ी से गंगाजल भरकर पूरा ग्रुप चंडीगढ़ के लिए रवाना भी हो गया था, लेकिन कुछ साथी आगे-पीछे हो गए। इतने में ही जटवाड़ा पुल के पास कुछ साथी गंगनहर में नहाने लगे। गंगनहर में नहाते समय उनका एक साथी थोड़ा आगे जाकर नहा रहा था, जो अचानक पानी के गड्ढे में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बाकी तीन साथी भी गड्ढे में कूद गए। गड्ढे की मिट्टी में चारों धंस गए और बाहर नहीं निकल पाए। साहिल ने बताया कि उसने अपने एक साथी को तो बचा लिया था, लेकिन वह अपने भाई को नहीं बचा पाया। इसके बाद स्थानीय पुलिस और जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें