![]()
करनाल जिले के घरौंडा में कांग्रेस ने ई-20 यानी एथेनॉल मिक्स पेट्रोल के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। शहर में स्ट्रेचर पर बाइक रखकर जुलूस निकाला गया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता के चेहरे पर केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी का मास्क लगाया गया, जबकि गले में गन्ने की पोरियों की माला डाली गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिक्स पेट्रोल से वाहनों को नुकसान हो रहा है और सरकार इसे जबरन जनता पर थोप रही है। शनिवार को घरौंडा कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष रोबिन माइकल की अगुवाई में कार्यकर्ता दिल्ली चुंगी पर एकत्रित हुए। इस दौरान ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश वैध भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर स्ट्रेचर पर एक बाइक रखी और उसे खींचते हुए शहर में जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की गई और ई-20 पेट्रोल को तुरंत बंद करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता स्ट्रेचर को खींचते हुए एक बाइक रिपेयर शॉप पर पहुंचे। वहां उन्होंने मिस्त्री से बाइक की कंडीशन के बारे में पूछा। मिस्त्री ने बाइक को खराब बताया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे ई-20 पेट्रोल के दुष्प्रभाव का उदाहरण बताते हुए प्रदर्शन समाप्त किया। नेताओं ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश वैध ने कहा कि भाजपा सरकार देश की जनता का शोषण कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिक्स पेट्रोल से गाड़ियां खराब हो रही हैं और इसे बिना तैयारी के लागू किया गया है। उनका कहना था कि सरकार जनता पर जबरन फैसले थोप रही है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। बिना वाहनों को अपग्रेड किए थोप दिया ई-20: रोबिन वहीं शहरी अध्यक्ष रोबिन माइकल ने कहा कि पेट्रोल से चलने वाले वाहनों पर ई-20 पेट्रोल का असर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहनों के इंजन और पार्ट्स खराब हो रहे हैं और लोगों को बार-बार सर्विस करवानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पहले जो व्यक्ति दो महीने में सर्विस करवाता था, अब उसे हर महीने सर्विस करवानी पड़ रही है।
रोबिन माइकल ने केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिक्स पेट्रोल को लागू करने के पीछे निजी फायदे का उद्देश्य है। उनका कहना था कि बिना वाहनों को अपग्रेड किए एथेनॉल मिलाना गलत फैसला है, जिससे आम जनता को नुकसान हो रहा है। एथेनॉल उत्पादन और कीमतों पर भी उठाए सवाल प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने एथेनॉल उत्पादन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक लीटर एथेनॉल बनाने में करीब 2600 लीटर पानी की खपत होती है, जो संसाधनों की बर्बादी है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि पहले दावा किया गया था कि एथेनॉल आने से पेट्रोल 15 रुपए प्रति लीटर मिलेगा, लेकिन आज तक कीमतों में कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम घटने के बावजूद आम जनता को कोई फायदा नहीं दिया गया। कांग्रेस का अल्टीमेटम, प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी कांग्रेस के जिला सचिव सोनू कश्यप ने कहा कि देश के हालात बिगड़ चुके हैं और भाजपा अपनी मनमानी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ई-20 पेट्रोल को तुरंत प्रभाव से वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस सड़कों पर इसी तरह प्रदर्शन करती रहेगी। उनका कहना था कि अगर यह पेट्रोल जारी रहा, तो हर घर का वाहन खराब होने की स्थिति बन सकती है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि ई-20 पेट्रोल नीति को तुरंत वापस लिया जाए और जनता को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो विरोध और तेज किया जाएगा।
Source link







